वाराणसी। गांधी जयंती और भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर 2 अक्टूबर 2026 को रिजर्व पुलिस लाइन, कमिश्नरेट वाराणसी में कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धा-सुमन अर्पित किए। इस दौरान उन्होंने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को दोनों महापुरुषों के आदर्शों को अपने जीवन और कार्यशैली में अपनाने का संदेश दिया।
पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा, स्वच्छता और राष्ट्रसेवा के आदर्शों तथा लाल बहादुर शास्त्री के सादगी, ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और देश के प्रति समर्पण जैसे जीवन मूल्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि दोनों महापुरुषों का जीवन सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उनके आदर्शों को अपने आचरण और कर्तव्यों में आत्मसात करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
गांधी जयंती के अवसर पर स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से वाराणसी पुलिस के अधिकारियों और कर्मचारियों को ‘स्वच्छता की शपथ’ दिलाई गई। पुलिस आयुक्त ने कहा कि स्वच्छ एवं स्वस्थ समाज के निर्माण की शुरुआत प्रत्येक व्यक्ति को स्वयं से करनी होगी। उन्होंने गांधीजी के स्वच्छता संदेश को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर दिया।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस विभाग में कार्यरत चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। पुलिस आयुक्त ने उनके योगदान की सराहना करते हुए सभी पुलिसकर्मियों को कर्तव्यनिष्ठा और सेवा भावना के साथ कार्य करने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय शिवहरी मीणा, पुलिस उपायुक्त लाइन्स गौरव बंशवाल, पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन राजेश पाण्डेय, पुलिस उपायुक्त यातायात अनिल यादव, पुलिस उपायुक्त मुख्यालय एवं अपराध विनीत भटनागर, अपर पुलिस उपायुक्त लाइन्स वैभव बांगर, सहायक पुलिस आयुक्त लाइन शुभम जैन सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।