चंदौली। नगर पंचायत के वार्ड नंबर 11 संजय नगर में NHI की सर्विस रोड पर कई दिनों से जलभराव होने से राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इंडियन बैंक से विद्युत उपकेंद्र की ओर जाने वाले मार्ग पर बरसात का पानी जमा है। पानी के बीच से होकर लोगों को आवागमन करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार बारिश के बाद सर्विस रोड पर जलभराव हो गया। कई दिन बीतने के बाद भी पानी की निकासी नहीं हो सकी है। सड़क पर पानी जमा रहने से पैदल चलने वालों के साथ दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को भी परेशानी हो रही है।
वार्डवासियों का कहना है कि हर साल बरसात के मौसम में NHI की सर्विस रोड पर जलभराव की समस्या सामने आती है। स्थानीय स्तर पर कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद अब तक जल निकासी का स्थायी समाधान नहीं किया गया है।
लंबे समय तक पानी जमा रहने से सड़क के क्षतिग्रस्त होने की आशंका है। वहीं जलभराव के साथ गंदगी जमा होने से स्थानीय लोगों ने संक्रमण फैलने की आशंका भी जताई है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते पानी की निकासी नहीं की गई तो समस्या और गंभीर हो सकती है।
स्थानीय निवासी संजय सिंह और सभासद विनय कुमार सिंह 'अंशु' समेत वार्डवासियों ने NHI और नगर पंचायत प्रशासन से जलभराव की समस्या का तत्काल समाधान कराने की मांग की है। स्थानीय लोगों ने सर्विस रोड से पानी निकालने के साथ-साथ स्थायी जल निकासी की व्यवस्था कराने की मांग की है, ताकि हर बारिश में लोगों को इसी परेशानी का सामना न करना पड़े।