MENU

चंदौली में बंद घर से लाखों के जेवर-नकदी चोरी, सीसीटीवी में दिखे संदिग्ध



 01/Oct/26

धानापुर के बिरना गांव में बुधवार रात वारदात, 1.60 लाख रुपये नकद और सोने के आभूषण चोरी; पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ने जल्द गिरफ्तारी की मांग की

चंदौली। धानापुर थाना क्षेत्र के बिरना गांव में बुधवार रात बंद मकान को चोरों ने निशाना बनाया। चोर घर से करीब 1 लाख 60 हजार रुपये नकद और सोने के आभूषण समेत लाखों रुपये का सामान चोरी कर ले गए। गुरुवार सुबह परिजनों को घटना की जानकारी हुई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

नए मकान में चोरी की वारदात

जानकारी के अनुसार बिरना गांव निवासी भानु मौर्य का नया मकान है। परिवार रात में पुराने घर में सोने चला जाता था। बुधवार रात भी परिवार के लोग पुराने घर में थे। इसी दौरान चोरों ने नए मकान को निशाना बनाया।

गुरुवार सुबह परिजन जब नए मकान में पहुंचे तो सामान बिखरा मिला। जांच करने पर 1.60 लाख रुपये नकद, सोने की चेन, अंगूठी और अन्य आभूषण गायब मिले। इसके बाद पीड़ित परिवार ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी।

सीसीटीवी फुटेज में कैद हुई वारदात

बताया जा रहा है कि चोरी की घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। फुटेज में कुछ संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दे रहे हैं। पीड़ित पक्ष के अनुसार फुटेज में संदिग्धों के पास असलहा भी नजर आ रहा है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

पूर्व विधायक ने की जल्द गिरफ्तारी की मांग

घटना की जानकारी मिलने पर सैयदराजा के पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू पीड़ित भानु मौर्य के घर पहुंचे और परिवार से घटना की जानकारी ली। उन्होंने पुलिस से चोरी की घटना का जल्द खुलासा करते हुए आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा।

क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को लेकर स्थानीय लोगों में भी चिंता है। ग्रामीणों ने पुलिस से रात में गश्त बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

1474


सबरंग