MENU

बरेका में अंतर-रेलवे कुश्ती के दूसरे दिन रोमांचक मुकाबले, 65, 86 और 125 किग्रा फ्रीस्टाइल के सेमीफाइनलिस्ट तय



 01/Oct/26

वाराणसी के बरेका कुश्ती केंद्र में 67वीं पुरुष अखिल भारतीय अंतर-रेलवे कुश्ती प्रतियोगिता के दूसरे दिन पहलवानों ने दिखाया दमखम, ग्रीको-रोमन के 60, 67, 77 और 97 किग्रा भार वर्ग में भी सेमीफाइनल की तस्वीर साफ

वाराणसी। बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) के कुश्ती केंद्र में चल रही 67वीं पुरुष अखिल भारतीय अंतर-रेलवे कुश्ती प्रतियोगिता 2026-27 के दूसरे दिन बुधवार को पहलवानों के बीच जोरदार मुकाबले हुए। फ्रीस्टाइल और ग्रीको-रोमन के विभिन्न भार वर्गों में खिलाड़ियों ने तकनीक, ताकत और फुर्ती का प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल में जगह बनाई। मुकाबलों में एक-एक अंक के लिए पहलवानों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला।

65 किग्रा फ्रीस्टाइल में बरेका के दीपांशु सेमीफाइनल में

65 किग्रा फ्रीस्टाइल में वेस्टर्न रेलवे के अजय, नॉर्थ वेस्टर्न रेलवे के नीरज, नॉर्थ सेंट्रल रेलवे के उदित और मेजबान बरेका के दीपांशु ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल में प्रवेश किया।

86 किग्रा फ्रीस्टाइल में रेलवे कोच फैक्टरी के संजीव, बरेका के सचिन गिरी, वेस्टर्न रेलवे के परमीत और नॉर्थ वेस्टर्न रेलवे के सचिन ने अपने मुकाबले जीतकर अंतिम चार में जगह बनाई।

वहीं 125 किग्रा फ्रीस्टाइल में नॉर्दर्न रेलवे के अनिरुद्ध, सेंट्रल रेलवे के महेंद्र गाई, वेस्टर्न रेलवे के अमन राठी और नॉर्थ सेंट्रल रेलवे के जोंटी कुमार ने सेमीफाइनल में प्रवेश किया।

ग्रीको-रोमन में भी कड़ा मुकाबला

ग्रीको-रोमन कुश्ती के मुकाबलों में भी खिलाड़ियों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली। 60 किग्रा भार वर्ग में पूर्वोत्तर रेलवे के मनीष और नॉर्दर्न रेलवे के सूरज ने सेमीफाइनल में जगह बनाई।

67 किग्रा भार वर्ग में नॉर्थ सेंट्रल रेलवे के विकास, वेस्टर्न रेलवे के सचिन, सेंट्रल रेलवे के विक्रम कुर्द और अनिल ने अंतिम चार में प्रवेश किया।

77 किग्रा भार वर्ग में मेजबान बरेका के सागर ठाकरान, ईस्ट सेंट्रल रेलवे के अमित, नॉर्दर्न रेलवे के विकास और वेस्टर्न रेलवे के सचिन ने अपने मुकाबले जीतकर सेमीफाइनल में स्थान बनाया।

इसी तरह 97 किग्रा ग्रीको-रोमन में पूर्वोत्तर रेलवे के वीरेश कुंडु, वेस्टर्न रेलवे के नितेश कुमार, नॉर्थ सेंट्रल रेलवे के रवि और सेंट्रल रेलवे के विनोद गोरे ने अंतिम चार में जगह बनाई।

आखिरी क्षण तक चला दांव-पेंच

प्रतियोगिता के दूसरे दिन अखाड़े में पहलवानों ने तकनीक, ताकत, फुर्ती और खेल भावना का प्रदर्शन किया। कई मुकाबलों में पहलवानों ने आखिरी क्षण तक बढ़त हासिल करने के लिए जोर लगाया। इससे कुश्ती केंद्र में मौजूद दर्शकों में भी उत्साह बना रहा। मेजबान बरेका के पहलवानों के मुकाबलों के दौरान दर्शकों ने उनका जोरदार उत्साहवर्धन किया।

अनुभवी पहलवान भी बने आकर्षण

अंतर-रेलवे कुश्ती प्रतियोगिता 2026-27 में रेलवे के कई अनुभवी और चर्चित पहलवानों की मौजूदगी भी आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। प्रतियोगिता के दौरान राजीव तोमर, संदीप यादव, पप्पू यादव और कृपा शंकर बिश्नोई जैसे नामी पहलवानों की उपस्थिति रही।

 


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

4922


सबरंग