MENU

MLC चुनाव नामांकन स्थल का पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने किया निरीक्षण, त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरा रहेगा



 30/Sep/26

प्रत्याशी समेत पांच लोगों को नामांकन कक्ष में प्रवेश, तीन स्तरों पर DFMD- HHMD से चेकिंग और पूरे परिसर की CCTV से निगरानी

वाराणसी। वाराणसी खंड स्नातक/शिक्षक (MLC) निर्वाचन-2026 के नामांकन को लेकर पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने मंगलवार को कमिश्नरी परिसर स्थित नामांकन स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने सुरक्षा, प्रवेश नियंत्रण, बैरिकेडिंग, यातायात और CCTV निगरानी व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए नामांकन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए।

पुलिस आयुक्त ने बताया कि नामांकन स्थल पर आउटर कार्डन, इनर कार्डन और आइसोलेशन कार्डन के रूप में त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरा रहेगा। तीनों सुरक्षा स्तरों पर DFMD और HHMD के माध्यम से सघन चेकिंग एवं फ्रिस्किंग की जाएगी। बिना जांच के किसी भी व्यक्ति को प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।

नामांकन कक्ष में प्रत्याशी समेत पांच लोगों को प्रवेश

आइसोलेशन कार्डन स्थित नामांकन कक्ष में प्रत्याशी समेत अधिकतम पांच लोगों को ही प्रवेश दिया जाएगा। वहीं, आउटर कार्डन से प्रत्याशी के साथ अधिकतम 10 प्रस्तावक ही आगे जा सकेंगे। निर्धारित संख्या से अधिक लोगों को किसी भी स्थिति में प्रवेश नहीं मिलेगा।

नामांकन स्थल के आउटर कार्डन के आगे वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। प्रत्याशी अधिकतम तीन वाहनों के साथ ही नामांकन स्थल तक आ सकेंगे। पुलिस आयुक्त ने आसपास अनावश्यक भीड़ और वाहनों के जमावड़े को रोकने के लिए यातायात व्यवस्था प्रभावी बनाए रखने के निर्देश दिए।

CCTV से होगी पूरे परिसर की निगरानी

नामांकन स्थल को CCTV कैमरों से कवर किया जाएगा। महत्वपूर्ण प्रवेश बिंदुओं और संवेदनशील स्थानों पर लगातार निगरानी रखी जाएगी। संदिग्ध गतिविधि सामने आने पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

पुलिस आयुक्त ने संवेदनशील प्रवेश बिंदुओं पर पर्याप्त बैरिकेडिंग लगाने और सभी प्रवेश मार्गों को सुव्यवस्थित रखने को कहा। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को Do’s & Don’ts की विस्तृत ब्रीफिंग भी दी गई। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी करने तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों को देने के निर्देश दिए।

पुलिस आयुक्त ने स्पष्ट किया कि नामांकन प्रक्रिया के दौरान सुरक्षा, प्रवेश नियंत्रण, चेकिंग, बैरिकेडिंग और यातायात प्रबंधन से जुड़े निर्धारित प्रोटोकॉल का शत-प्रतिशत पालन होना चाहिए। ड्यूटी में किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान पुलिस उपायुक्त मुख्यालय/अपराध विनीत भटनागर, अपर पुलिस उपायुक्त मुख्यालय/प्रोटोकॉल जंग बहादुर सहित संबंधित एसीपी और ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

4751


सबरंग