वाराणसी। सचिव नियोजन एवं महानिदेशक अर्थ एवं संख्या, उत्तर प्रदेश तथा जिले के नोडल अधिकारी डॉ. राजशेखर की अध्यक्षता में मंगलवार को सर्किट हाउस सभागार में मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर आधारित विकास कार्यों की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, निर्धारित लक्ष्य की समयबद्ध पूर्ति तथा विकास परियोजनाओं की भौतिक प्रगति की ग्रेडिंग और रैंकिंग की समीक्षा की गई। नोडल अधिकारी ने अधिकारियों को योजनाओं की प्रगति में व्यक्तिगत रुचि लेकर अपेक्षित ग्रेडिंग और रैंकिंग हासिल करने के निर्देश दिए।
बैठक में डॉ. राजशेखर ने बी, सी और डी श्रेणी में शामिल विभिन्न योजनाओं और परियोजनाओं की विभागवार समीक्षा की। बी श्रेणी में जल जीवन मिशन (ग्रामीण), फैमिली आईडी, पांचवां राज्य वित्त आयोग ग्राम पंचायत, प्रोजेक्ट अलंकार, नई सड़कों का निर्माण और मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना की समीक्षा की गई। सी श्रेणी में जननी सुरक्षा योजना और आईसीडीएस पोषण अभियान, जबकि डी श्रेणी में सीएमआईएस-निर्माण कार्य सहित अन्य योजनाओं की प्रगति पर चर्चा हुई।
नोडल अधिकारी ने फैमिली आईडी की प्रगति की समीक्षा करते हुए बताया कि जिले में इसकी प्रगति 88 प्रतिशत है। उन्होंने इसे शत-प्रतिशत करने के निर्देश दिए। जल जीवन मिशन के तहत हर घर नल जल योजना के सभी कार्यों को माइक्रोप्लान तैयार कर निर्धारित समयसीमा में पूरा कराने को कहा। साथ ही कार्यात्मक घरेलू नल कनेक्शन के महीनेवार आंकड़े पोर्टल पर नियमित रूप से अपडेट कराने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना की समीक्षा करते हुए उन्होंने सभी तैयारियां समय से पूरी करने और निर्धारित मुहूर्त में शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने को कहा। जननी सुरक्षा योजना के तहत लाभार्थियों को समय से शत-प्रतिशत भुगतान सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
बारिश के कारण क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत और गड्ढामुक्ति कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। नोडल अधिकारी ने लोक निर्माण विभाग के निर्माण एवं प्रांतीय खंड के अधिकारियों को निर्माणाधीन नई सड़कों के निर्माण, चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण के कार्य प्राथमिकता से पूरा कराने को कहा।
उन्होंने लोक निर्माण विभाग को सड़कों का चिह्नांकन कर एक अक्टूबर से अभियान चलाकर पैचवर्क और विशेष मरम्मत कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए। नगर निगम के अधिकारियों को भी चिह्नित सड़कों पर पैचवर्क और विशेष मरम्मत का कार्य जल्द पूरा कराने को कहा।
डॉ. राजशेखर ने निर्माणाधीन परियोजनाओं की भौतिक और वित्तीय प्रगति को समयबद्ध तरीके से सीएमआईएस पोर्टल पर अपडेट कराने के निर्देश दिए, ताकि पोर्टल पर परियोजनाओं की अद्यतन स्थिति प्रदर्शित हो। उन्होंने विभिन्न विभागों की निर्माणाधीन परियोजनाओं को दिसंबर तक पूरा कराने पर जोर दिया।
बैठक में जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार, मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।