वाराणसी। मंडलायुक्त एस. राजलिंगम की अध्यक्षता में मंगलवार को आयुक्त सभागार में मंडलीय उद्योग बंधु की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में पिछली बैठक की अनुपालन आख्या, विभिन्न औद्योगिक समस्याओं की प्रगति और उद्यमियों से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई। मंडलायुक्त ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को उद्यमियों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में विद्युत विभाग से संबंधित मामलों की समीक्षा के दौरान अधीक्षण अभियंता, चंदौली ने बताया कि उद्यमियों पर अतिरिक्त विद्युत बिल लगाए जाने से संबंधित मामलों में ऑडिट रिपोर्ट और मीटर सीलिंग सर्टिफिकेट की जांच पूरी की जा रही है। शेष दो उपभोक्ताओं में शंकर पाली ट्यूब्स की पीडी प्रक्रिया चल रही है, जबकि सोना एग्रो के विद्युत बिल के नियमानुसार निस्तारण की कार्रवाई की जा रही है।
रामनगर इंडस्ट्रियल एरिया में इंसुलेटेड विद्युत केबल के माध्यम से विद्युत आपूर्ति के संबंध में अधिकारियों ने बताया कि औद्योगिक क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था के सुदृढ़ीकरण और सुचारू संचालन के लिए विभिन्न कार्यों को अतिरिक्त बिजनेस प्लान 2026-27 में शामिल किया जा रहा है। स्वीकृति के बाद इन कार्यों को कराया जाएगा। इससे औद्योगिक क्षेत्र में स्थापित इकाइयों को निर्बाध विद्युत आपूर्ति में और सुधार होने की उम्मीद है।
मंडलायुक्त ने विद्युत विभाग के अभियंताओं को विद्युत संबंधी सभी मामलों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मंडलायुक्त ने रामनगर इंडस्ट्रियल एरिया के पटनावो से सिंधीताली मार्ग पर सीसी रोड निर्माण के लिए यूपीसीडा के क्षेत्रीय प्रबंधक को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। मेसर्स वेबरेज ग्लोबल प्राइवेट लिमिटेड, कार्खियांव के प्रदूषण अनापत्ति प्रमाणपत्र के मामले में क्षेत्रीय प्रबंधक, उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
वहीं, विधिक माप विभाग से अनापत्ति प्रमाणपत्र से संबंधित मामले में सहायक नियंत्रक, विधिक माप विभाग को आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया। मंडलायुक्त ने कहा कि उद्यमियों से संबंधित मामलों में विभागीय अधिकारी समयबद्ध कार्रवाई करते हुए समस्याओं का समुचित समाधान सुनिश्चित करें।