MENU

नोडल अधिकारी डॉ. राज शेखर ने डीएम सत्येंद्र कुमार संग गोंडोला में किया वाराणसी रोपवे का निरीक्षण



 30/Sep/26

कैंट से गोदौलिया तक रोपवे की व्यवस्थाओं का लिया जायजा, गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों के साथ शेष कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश

वाराणसी। वाराणसी में निर्माणाधीन काशी रोपवे की तैयारियों और व्यवस्थाओं का सोमवार को जिले के नोडल अधिकारी डॉ. राज शेखर ने जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार के साथ निरीक्षण किया। नोडल अधिकारी ने कैंट से रोपवे के एक केबिन (गोंडोला) में सवार होकर गोदौलिया तक यात्रा की और रोपवे की व्यवस्थाओं का मौके पर जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शेष कार्यों को अभियान चलाकर जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान डॉ. राज शेखर ने रोपवे निर्माण और संचालन से जुड़ी व्यवस्थाओं की भौतिक स्थिति देखी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों का हर स्तर पर विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने शेष कार्यों को निर्धारित मानकों के अनुरूप तेजी से पूरा कराने पर जोर दिया।

कैंट से गोदौलिया तक 15 मिनट में पूरा होगा सफर

वाराणसी का काशी रोपवे लगभग 3.75 से 3.85 किलोमीटर लंबा होगा। इसके माध्यम से कैंट रेलवे स्टेशन से गोदौलिया चौक तक का सफर करीब 15 मिनट में पूरा किया जा सकेगा। रोपवे मार्ग पर कुल पांच स्टेशन बनाए जाएंगे।

इसमें वाराणसी कैंटोनमेंट रेलवे स्टेशन, काशी विद्यापीठ, रथयात्रा, गिरजाघर और गोदौलिया चौक स्टेशन शामिल हैं। रोपवे को वाराणसी के शहरी सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था के महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट के रूप में विकसित किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने परियोजना से जुड़े कार्यों और तैयारियों की जानकारी नोडल अधिकारी को दी।


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

1284


सबरंग