MENU

वाराणसी खंड स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 29 सितंबर से नामांकन



 30/Sep/26

29 सितंबर को सुबह 11 बजे निर्वाचन की सूचना जारी होने के बाद शुरू हुई प्रक्रिया, प्रत्याशियों के लिए आयोग ने जारी की जरूरी शर्तें

वाराणसी। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के वाराणसी खंड स्नातक और वाराणसी खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की रिक्त सीटों के लिए नामांकन प्रक्रिया 29 सितंबर 2026 से शुरू होगी। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, सुबह 11 बजे निर्वाचन की सूचना जारी होने के बाद आयुक्त, वाराणसी मंडल परिसर स्थित अपर आयुक्त (प्रथम) के न्यायालय कक्ष में नामांकन प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

वाराणसी खंड स्नातक से निर्वाचित सदस्य आशुतोष सिन्हा और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से निर्वाचित सदस्य लाल बिहारी यादव का कार्यकाल छह दिसंबर 2026 को समाप्त हो रहा है। इसके चलते दोनों निर्वाचन क्षेत्रों की रिक्तियों को भरने के लिए चुनाव कराया जा रहा है।

अपर आयुक्त (प्रशासन) वाराणसी मंडल एवं सहायक रिटर्निंग ऑफिसर वाराणसी खंड स्नातक/शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र आलोक कुमार वर्मा ने बताया कि नामांकन दाखिल करने के लिए अभ्यर्थी का भारत का नागरिक होना जरूरी है। अभ्यर्थी को आयोग द्वारा निरर्हित या अयोग्य घोषित नहीं किया गया होना चाहिए। उसका नाम प्रदेश की किसी विधानसभा की निर्वाचक नामावली में होना आवश्यक है और इसके प्रमाण के रूप में प्रमाणित प्रति भी प्रस्तुत करनी होगी।

नामांकन के लिए 10 प्रस्तावक आवश्यक होंगे, जो संबंधित विधान परिषद निर्वाचन क्षेत्र की मतदाता सूची में पंजीकृत मतदाता हों। अभ्यर्थी की आयु 30 वर्ष से कम नहीं होनी चाहिए। जमानत राशि अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के अभ्यर्थियों के लिए 5,000 रुपये तथा अन्य अभ्यर्थियों के लिए 10,000 रुपये निर्धारित है। जमानत राशि ट्रेजरी चालान के माध्यम से निर्धारित लेखाशीर्षक में जमा कर उसकी रसीद नामांकन पत्र के साथ लगानी होगी।

अभ्यर्थी को आयोग द्वारा निर्धारित प्रारूप-26 में अपराधीकरण तथा चल-अचल संपत्तियों से संबंधित विवरण का 10 रुपये के स्टांप पेपर पर नोटरीकृत शपथपत्र भी प्रस्तुत करना होगा। किसी राजनीतिक दल से संबंधित अभ्यर्थी को दल का अधिकार पत्र फार्म-एए/बीबी या (कक)/(खख) में देना अनिवार्य होगा। अभ्यर्थी को शपथ या प्रतिज्ञान लेना भी जरूरी होगा।

नामांकन पत्र दाखिल करने का समय सुबह 11 बजे से शाम तीन बजे तक निर्धारित है। लोक अवकाश के दिन नामांकन पत्र दाखिल नहीं किए जाएंगे। नामांकन पत्र निर्धारित स्थल और समय के भीतर ही स्वीकार किए जाएंगे। इसे स्वयं प्रत्याशी या उसके प्रस्तावक द्वारा प्रस्तुत किया जा सकता है।

अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के अभ्यर्थियों को सक्षम अधिकारी द्वारा जारी जाति प्रमाण-पत्र भी प्रस्तुत करना होगा। इसके अलावा नामांकन तिथि से तीन माह के भीतर खिंचाई गई 10 फोटोग्राफ जमा करनी होंगी। फोटो स्टांप साइज (2 सेमी x 2.5 सेमी), सफेद या ऑफ-व्हाइट पृष्ठभूमि की होनी चाहिए। फोटो में अभ्यर्थी का पूरा चेहरा सीधे कैमरे की ओर और आंखें खुली होनी चाहिए। फोटो रंगीन या श्वेत-श्याम हो सकती है।

अभ्यर्थी को सामान्य वस्त्र में फोटो देना होगा। वर्दी में फोटो मान्य नहीं होगी। फोटो में टोपी या हैट तथा काले रंग का चश्मा लगाने की अनुमति नहीं है।


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

6369


सबरंग