MENU

बड़ागांव थाने का पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने किया निरीक्षण, लंबित विवेचनाओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश



 30/Sep/26

पुलिसिंग में सुधार, जनशिकायतों के समाधान और महिला सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा; पुलिसकर्मियों की समस्याएं सुनकर शीघ्र समाधान के दिए निर्देश

वाराणसी। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने सोमवार को थाना बड़ागांव का निरीक्षण कर थाने की कार्यप्रणाली, अभिलेखों के रख-रखाव, जनशिकायतों के निस्तारण, मिशन शक्ति केंद्र, साइबर हेल्प डेस्क, सीसीटीवी व्यवस्था, मेस, बैरक और पुलिसकर्मियों की मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को पुलिसिंग में सुधार के साथ आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान पुलिस आयुक्त ने थाना कार्यालय में अभिलेखों और रजिस्टरों के रख-रखाव की समीक्षा करते हुए उन्हें अद्यतन एवं व्यवस्थित रखने को कहा। थाना परिसर में साफ-सफाई, आगंतुकों के लिए शुद्ध पेयजल तथा महिलाओं के लिए अलग शौचालय की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पुलिसकर्मियों के मेस, बैरक और रहने-खाने की सुविधाओं का निरीक्षण कर कमियों को तत्काल दूर करने को कहा।

मिशन शक्ति केंद्र पर तैनात महिला पुलिसकर्मियों को विद्यालयों, हॉस्टल और कोचिंग संस्थानों में नियमित जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए गए। उन्हें महिलाओं और छात्राओं की समस्याओं की जानकारी लेने तथा 1090, 112 और 1930 हेल्पलाइन के प्रति जागरूकता बढ़ाने को कहा गया। शिक्षण संस्थानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की उपलब्धता और कार्यशीलता की नियमित जांच करने तथा कमियां मिलने पर संबंधित संस्थानों को नोटिस देने के निर्देश भी दिए गए। शोहदों और संदिग्ध गतिविधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई पर भी जोर दिया गया।

पुलिस आयुक्त ने थाना परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता की समीक्षा की। इसके अलावा परिसर में चल रहे नवनिर्माण कार्य का स्थलीय निरीक्षण कर निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण और सुरक्षा मानकों के अनुरूप कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए।

लंबित और कालबाधित विवेचनाओं की समीक्षा

एक माह के विशेष अभियान के तहत गोमती जोन के सर्किल पिण्डरा और राजातालाब से संबंधित लंबित एवं कालबाधित विवेचनाओं की भी थाना बड़ागांव में समीक्षा की गई। पुलिस आयुक्त ने विवेचनाओं की प्रगति, साक्ष्य संकलन और अभियोजन की स्थिति की बिंदुवार जानकारी ली। विवेचनाओं में आ रही बाधाओं को दूर करते हुए प्रत्येक मामले का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने राजपत्रित अधिकारियों को नियमित एवं प्रभावी पर्यवेक्षण तथा विवेचकों को प्रत्येक प्रकरण में वैज्ञानिक, निष्पक्ष और विधिसम्मत तरीके से साक्ष्य संकलन करने को कहा। प्रत्येक विवेचक को प्रकरणवार कार्ययोजना बनाकर शेष कार्रवाई जल्द पूरी करने के निर्देश दिए गए। पुलिस आयुक्त ने कहा कि पीड़ितों को त्वरित न्याय दिलाने और दोषियों के खिलाफ प्रभावी विधिक कार्रवाई में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

निरीक्षण के दौरान पुलिसकर्मियों की समस्याओं, सुझावों और अपेक्षाओं को भी सुना गया। पुलिस आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र समाधान कराने तथा पुलिसकर्मियों को बेहतर कार्य वातावरण और मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इस दौरान पुलिस उपायुक्त गोमती जोन नीतू, अपर पुलिस उपायुक्त गोमती जोन नृपेन्द्र सहित संबंधित सहायक पुलिस आयुक्त और पुलिसकर्मी मौजूद रहे।


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

7380


सबरंग