MENU

गंगा में डूब रहे 63 वर्षीय श्रद्धालु को एनडीआरएफ ने बचाया



 29/Sep/26

दांडी घाट पर सुबह स्नान के दौरान गहरे पानी में चला गया था श्रद्धालु, लाइफ बॉय की मदद से सुरक्षित निकाला

वाराणसी, 29 सितंबर। दांडी घाट पर गंगा स्नान के दौरान गहरे पानी में डूब रहे 63 वर्षीय श्रद्धालु की 11वीं वाहिनी एनडीआरएफ के बचावकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए जान बचा ली। घटना मंगलवार सुबह करीब 7:30 बजे की है। घाट पर पिकेट ड्यूटी में तैनात एनडीआरएफ टीम ने स्थिति को भांपते हुए तत्काल बचाव अभियान शुरू किया।

जानकारी के अनुसार, तमिलनाडु के कुड्डालोर निवासी एस. मुतायन गंगा में स्नान कर रहे थे। इसी दौरान वह अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। श्रद्धालु को डूबता देख घाट पर तैनात एनडीआरएफ के बचावकर्मी तत्काल सक्रिय हुए और बिना विलंब किए नदी में बचाव कार्रवाई शुरू की।

बचावकर्मियों ने लाइफ बॉय की सहायता से एस. मुतायन को सुरक्षित बाहर निकाला और नदी के तट पर पहुंचाया। समय पर की गई त्वरित कार्रवाई से श्रद्धालु की जान बचाई जा सकी। मौके पर मौजूद श्रद्धालुओं और आमजन ने एनडीआरएफ के बचावकर्मियों की तत्परता और साहसिक कार्य की सराहना की।

एनडीआरएफ की इस कार्रवाई ने गंगा घाटों पर तैनात प्रशिक्षित बचाव दल की सतर्कता और त्वरित प्रतिक्रिया के महत्व को रेखांकित किया। एनडीआरएफ की ओर से घाटों पर श्रद्धालुओं और आमजन को लगातार जल सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जाता है।

एनडीआरएफ ने लोगों से अपील की है कि गंगा और अन्य जल स्रोतों में स्नान करते समय निर्धारित सुरक्षित क्षेत्रों का ही उपयोग करें। गहरे पानी में जाने से बचें और प्रशासन तथा बचाव दल की ओर से जारी चेतावनियों एवं सुरक्षा निर्देशों का पालन करें। विशेषकर मानसून और जलस्तर बढ़ने की स्थिति में नदी की धारा का वेग एवं गहराई अप्रत्याशित रूप से बढ़ सकती है, इसलिए अतिरिक्त सावधानी बरतना जरूरी है।


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

3340


सबरंग