लखनऊ। भारतीय रेल परिवहन प्रबंधन संस्थान, लखनऊ में राजभाषा हिंदी के प्रचार-प्रसार और सरकारी कामकाज में इसके अधिकाधिक प्रयोग को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से 29 सितंबर को राजभाषा पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। समारोह में राजभाषा पखवाड़े के दौरान आयोजित विभिन्न हिंदी प्रतियोगिताओं और गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
संस्थान में 14 से 29 सितंबर तक राजभाषा पखवाड़े का आयोजन किया गया। इस दौरान हिंदी भाषा से संबंधित विभिन्न प्रतियोगिताएं, गतिविधियां और विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए। इनमें संस्थान के संकाय सदस्यों, प्रशिक्षु अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ संस्थान के उप मुख्य राजभाषा अधिकारी एवं प्रोफेसर आशुतोष कुमार के स्वागत संबोधन से हुआ। उन्होंने पखवाड़े के दौरान आयोजित राजभाषा संबंधी विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी। साथ ही हिंदी के प्रचार-प्रसार और इसके निरंतर विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों पर चर्चा की।
इसके बाद भारतीय रेल परिवहन प्रबंधन संस्थान, लखनऊ के महानिदेशक प्रभास दनसाना ने विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए। उन्होंने कहा कि हिंदी बोलचाल और लेखन की सरल एवं सहज भाषा है। यह देश की एकता, अखंडता और समरसता को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम भी है। उन्होंने सरकारी कामकाज और दैनिक जीवन में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग पर जोर दिया।
महानिदेशक ने राजभाषा से संबंधित गतिविधियों और आयोजनों को नियमित रूप से आयोजित करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने पुरस्कार विजेताओं को शुभकामनाएं देते हुए हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग के लिए प्रोत्साहित किया।
समारोह में अपर महानिदेशक संजय त्रिपाठी, संस्थान के संकाय सदस्य, प्रशिक्षु अधिकारी, पुरस्कार विजेता एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।