अपराह्न करीब एक बजे बॉयलर लदा विशाल ट्रेलर टेंगरा मोड़ और कटरिया के बीच एक पेट्रोल पंप के पास खड़ा हो गया। ट्रेलर चालकों के मुताबिक बॉयलर की ऊंचाई को देखते हुए ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन के कारण आगे बढ़ना जोखिम भरा हो सकता है। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विद्युत आपूर्ति बंद कराकर ही ट्रेलर को आगे ले जाने का निर्णय लिया गया।
मामले की सूचना ट्रांसमिशन विभाग और रामनगर स्थित 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र के एसडीओ को दी गई है। विद्युत विभाग द्वारा लाइन का जम्फर खोलकर सुरक्षा की हरी झंडी दिए जाने के बाद ही बॉयलर लदे ट्रेलर को आगे रवाना किया जाएगा। ट्रेलर चालकों का कहना है कि इतनी ऊंचाई और भारी-भरकम मशीन को हाईटेंशन लाइन के नीचे से निकालने से पहले बिजली आपूर्ति पूरी तरह बंद होना जरूरी है।
विशालकाय बॉयलर के सड़क पर रुकने की खबर मिलते ही आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। देखते ही देखते सैकड़ों लोगों की भीड़ जुट गई। लोग इस विशाल मशीन को देखने के साथ-साथ उसके साथ सेल्फी लेते नजर आए। सड़क किनारे खड़े इस असाधारण आकार के बॉयलर को देखने के लिए लोगों में खासा कौतूहल बना हुआ है।
बॉयलर के टेंगरा क्षेत्र में रुकने की सूचना मिलने पर पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने टेंगरा क्षेत्र का निरीक्षण किया और स्थिति का जायजा लेने के बाद डोमरी की ओर रवाना हो गए।
करीब 200 टन वजनी बॉयलर मशीन को 308 पहियों वाले विशेष ट्रेलर पर लादकर ले जाया जा रहा है। इस विशाल ट्रेलर के साथ करीब दो दर्जन कर्मचारियों का स्टाफ भी चल रहा है। किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए ट्रेलर के साथ मौके पर ही जरूरी व्यवस्थाएं रखी गई हैं। बताया गया कि रास्ते में यदि कोई टायर खराब होता है तो उसे तत्काल बदला जा सके, इसके लिए दर्जनों नए टायर भी रिजर्व में रखे गए हैं।
बताया जाता है कि यह विशाल बॉयलर बेल्जियम से समुद्री मार्ग के जरिए ओडिशा पहुंचा, जहां से इसे विशेष 308 पहियों वाले ट्रेलर पर लादकर सड़क मार्ग से उत्तर प्रदेश लाया जा रहा है। इसे लखीमपुर खीरी जिले के बलरामपुर में निर्माणाधीन प्लांट में स्थापित किया जाना है।
फिलहाल टेंगरा मोड़ और कटरिया के बीच हाईटेंशन लाइन के कारण बॉयलर लदा ट्रेलर रुका हुआ है। विद्युत विभाग की ओर से लाइन को सुरक्षित किए जाने के बाद ही इस विशालकाय मशीन की आगे की यात्रा शुरू होगी।