वाराणसी। कमिश्नरेट वाराणसी की पुलिसिंग में थाना चौक ने एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। थाना चौक को ISO-9001:2015 प्रमाणपत्र मिला है। निर्धारित गुणवत्ता मानकों पर थर्ड पार्टी ऑडिट में खरा उतरने के बाद थाना चौक कमिश्नरेट वाराणसी का पहला ISO प्रमाणित थाना बना है।
थाना चौक की कार्यप्रणाली का लगातार तीन माह तक थर्ड पार्टी ऑडिट के माध्यम से मूल्यांकन किया गया। इस दौरान जनशिकायतों के त्वरित एवं समयबद्ध निस्तारण, अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव, आगंतुक सुविधाओं, महिला हेल्प डेस्क, जनसंवाद, पुलिसकर्मियों के प्रशिक्षण, कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और तकनीकी संसाधनों के प्रभावी उपयोग जैसे विभिन्न मानकों को परखा गया। निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्यप्रणाली पाए जाने के बाद थाना चौक को ISO-9001:2015 प्रमाणपत्र प्रदान किया गया।
इस उपलब्धि पर पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने थाना चौक के अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि इसी गुणवत्ता को आधार बनाकर कमिश्नरेट के अन्य थानों को भी बेहतर मानकों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
प्रमाणपत्र मिलने के बाद पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने थाना चौक का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यालय, मालखाना, साइबर हेल्पडेस्क और मिशन शक्ति केंद्र की व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मिशन शक्ति केंद्र पर तैनात महिला पुलिसकर्मियों को विद्यालयों, कोचिंग संस्थानों, हॉस्टलों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। लोगों को मिशन शक्ति के साथ हेल्पलाइन नंबर 112, 1090, 1076 और 1930 की जानकारी देने पर जोर दिया गया।
पुलिस आयुक्त ने सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए आमजन को अधिक से अधिक CCTV कैमरे लगाने के लिए प्रेरित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने अपराध की रोकथाम और घटनाओं के अनावरण में तकनीकी संसाधनों के प्रभावी इस्तेमाल पर जोर दिया।
उत्कृष्ट कार्य और बेहतर पुलिसिंग में योगदान के लिए महिला उपनिरीक्षक मानसी वर्मा, हेड कांस्टेबल कृष्ण कुमार सिंह, कांस्टेबल सुनील कुमार, महिला कांस्टेबल दिव्या सिंह, महिला कांस्टेबल तेजस्वी ओझा और महिला कांस्टेबल प्राची शुक्ला को पुलिस आयुक्त ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
इसके अलावा पुलिस मित्र निधि देव अग्रवाल और वालंटियर विजय मिश्रा को भी सम्मानित किया गया। इस दौरान उनके सहयोग और सक्रिय योगदान की सराहना की गई।
कार्यक्रम में पुलिस उपायुक्त काशी जोन गौरव बंशवाल, अपर पुलिस उपायुक्त काशी जोन वैभव बांगर, संबंधित सहायक पुलिस आयुक्त, पुलिसकर्मी और व्यापारीगण मौजूद रहे।