वाराणसी। प्रदेश सरकार के स्टाम्प एवं न्यायालय पंजीयन शुल्क मंत्री रविन्द्र जायसवाल ने रविवार को शहर उत्तरी विधानसभा क्षेत्र के लहरतारा वार्ड में जनसमस्याओं का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जलजमाव, सीवर ओवरफ्लो, पेयजल और सड़क चौड़ीकरण के बाद आवागमन में आ रही दिक्कतों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने लहरतारा चौराहा, बौलिया और फुलवरिया फोरलेन के नीचे सर्विस रोड बनाए जाने की आवश्यकता का भी मौके पर निरीक्षण किया। स्थानीय लोगों ने बरसात के दौरान क्षेत्र में होने वाले जलजमाव और सीवर ओवरफ्लो की समस्या से उन्हें अवगत कराया।
समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए रविन्द्र जायसवाल ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता के.के. सिंह और जलकल सचिव सुधीर कुमार को निर्देशित किया कि जलजमाव, सीवर ओवरफ्लो और आवागमन को सुगम बनाने से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा कराया जाए।
मंत्री ने अधिकारियों से मौके की स्थिति के अनुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने और लंबित कार्यों में तेजी लाने को कहा, ताकि क्षेत्रवासियों को समस्याओं से राहत मिल सके।
निरीक्षण के दौरान मंडल अध्यक्ष मनोज सोनकर, पार्षद संजू सरोज, पार्षद सिद्धनाथ शर्मा, राकेश जायसवाल, भरत गुप्ता, विनोद गुप्ता और संतोष गुप्ता सहित संगठन के पदाधिकारी एवं क्षेत्रीय लोग उपस्थित रहे।