वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चल रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत रविवार को शहर उत्तरी विधानसभा क्षेत्र के लहरतारा स्थित प्राथमिक विद्यालय परिसर में जन कल्याण शिविर आयोजित किया गया। शिविर का शुभारंभ शहर उत्तरी विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं प्रदेश सरकार के मंत्री रविंद्र जायसवाल ने किया। अभियान के तहत प्रदेश में विभिन्न जनकल्याणकारी और सेवा गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।
शिविर में विभिन्न विभागों की ओर से 18 स्टॉल लगाए गए। इन स्टॉलों के माध्यम से लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र एवं वंचित लोगों को योजनाओं से जोड़ने के लिए मौके पर ही आवेदन प्रक्रिया कराई गई। प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड, विधवा पेंशन, वृद्धावस्था पेंशन और आधार कार्ड सहित विभिन्न सेवाओं से संबंधित सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से शिविर में लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई और आवश्यकतानुसार दवाओं का वितरण किया गया। मंत्री रविंद्र जायसवाल ने एक नौनिहाल का अन्नप्राशन कराया। गर्भवती महिलाओं और बच्चों को फल वितरित किए गए। क्षेत्र में सेवाएं प्रदान कर रहीं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री रविंद्र जायसवाल ने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने और जरूरतमंदों की समस्याओं का समाधान करने के लिए ऐसे शिविर उपयोगी हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं से कोई पात्र व्यक्ति वंचित न रहे, इसी उद्देश्य से शिविर लगाकर पात्र लोगों को चिन्हित किया जा रहा है और उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाने की पहल की जा रही है, ताकि लोगों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष मनोज सोनकर, पार्षद संजू सरोज, पार्षद सिद्धनाथ शर्मा, राकेश जायसवाल, भरत गुप्ता, विनोद गुप्ता, संतोष गुप्ता सहित संगठन के पदाधिकारी और क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।