वाराणसी। प्रदेश सरकार के स्टाम्प एवं न्यायालय पंजीयन शुल्क मंत्री रविंद्र जायसवाल ने शनिवार को शिवपुर थाना क्षेत्र के गिलट बाजार-सुद्धीपुर बाईपास के पास हाल में बस दुर्घटना में मृत अनुज कुमार पटेल के घर पहुंचकर उनके पिता अमरनाथ पटेल और शोकाकुल परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दुख की इस घड़ी में उन्हें धैर्य प्रदान करने की प्रार्थना की।
मंत्री ने शोक संतप्त परिवार को शासन स्तर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को नियमानुसार आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक प्रयास किए जाएंगे। मौके पर मौजूद एडीएम वित्त डॉ. सदानंद गुप्ता को प्रकरण में शीघ्र आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
परिजनों से मुलाकात के बाद मंत्री ने गिलट बाजार से तरना पुल तक सड़क सुरक्षा व्यवस्था का भी जायजा लिया। घनी आबादी वाले इस मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों के कारण होने वाली दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता को आवश्यक स्थानों पर तत्काल स्पीड ब्रेकर लगाने के निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों से सड़क सुरक्षा से जुड़े अन्य जरूरी उपाय भी प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने को कहा, ताकि क्षेत्र में आवागमन करने वाले लोगों को सुरक्षित यातायात व्यवस्था मिल सके।
इस दौरान एडीएम वित्त डॉ. सदानंद गुप्ता, तहसीलदार सदर आशीष सिंह, क्षेत्रीय लेखपाल, मंडल अध्यक्ष विवेक पांडेय, पूर्व मंडल अध्यक्ष रतन कुमार मौर्य, रोहित मौर्या, सदानंद पटेल, कुसुम पटेल, राम वचन पटेल, संदीप पटेल, भूपेंद्र सिंह, अमित सिंह, दिलीप पटेल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।