MENU

पिशाच मोचन और रामनगर रामलीला में चाक-चौबंद होंगी व्यवस्थाएं



 27/Sep/26

पितृपक्ष और रामलीला की तैयारियों का नगर आयुक्त ने लिया जायजा, सीवर, सफाई, प्रकाश और पेयजल व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश

वाराणसी। पितृपक्ष के दौरान पिशाच मोचन कुंड पर होने वाले श्राद्ध-पिंडदान और रामनगर की विश्व प्रसिद्ध रामलीला में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने रविवार को पिशाच मोचन और रामनगर रामलीला मैदान का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

पिशाच मोचन में पितृपक्ष के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए नगर आयुक्त ने क्षेत्र में बेहतर सफाई व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में सीवर ओवरफ्लो की समस्या नहीं होनी चाहिए। शिकायत मिलने पर तत्काल टीम भेजकर समस्या का समाधान कराने के निर्देश दिए गए।

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पिशाच मोचन और रामनगर मेला परिसर में आवश्यकता के अनुसार मोबाइल टॉयलेट, पेयजल टैंकर और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। मोबाइल टॉयलेट की नियमित सफाई कराने के साथ ही श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन के लिए मेला क्षेत्रों में लाइटिंग व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए।

इसके बाद नगर आयुक्त ने रामनगर स्थित विश्व प्रसिद्ध रामलीला क्षेत्र का निरीक्षण किया। उन्होंने पूरे रामनगर और रामलीला परिसर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाने तथा नगर निगम की सेवाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। नगर आयुक्त ने कहा कि देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों और स्थानीय श्रद्धालुओं को किसी तरह की असुविधा न हो, इसके लिए सभी संबंधित विभाग समन्वय के साथ काम करें।

उन्होंने अधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुविधा में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए। नगर निगम का प्रयास है कि धार्मिक आयोजनों के दौरान आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश, शौचालय और सुगम आवागमन जैसी मूलभूत सुविधाएं बेहतर तरीके से उपलब्ध हों।

निरीक्षण के दौरान पार्षद इंद्रेश सिंह, पार्षद मनीष गुप्ता, पार्षद अमरेश गुप्ता सहित रामनगर के स्थानीय पार्षद मौजूद रहे। इसके अलावा दशाश्वमेध/रामनगर जोन के जोनल अधिकारी, अवर अभियंता (सिविल), अवर अभियंता (जलकल) और सफाई निरीक्षक भी उपस्थित रहे।


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

4361


सबरंग