MENU

विश्व फेफड़ा दिवस पर डॉ. एस.के. पाठक ने दिया स्वस्थ फेफड़ों का मंत्र, 113 मरीजों की हुई जांच



 26/Sep/26

बढ़ते वायु प्रदूषण और धूम्रपान से फेफड़ों को होने वाले नुकसान के प्रति किया जागरूक, मरीजों को इनहेलर के सही इस्तेमाल और ब्रीदिंग एक्सरसाइज की दी जानकारी

वाराणसी। विश्व फेफड़ा दिवस (World Lung Day) के अवसर पर ब्रेथ ईजी के श्वास, टीबी एवं फेफड़ा रोग विशेषज्ञ डॉ. एस.के. पाठक के नेतृत्व में विशेष पेशेंट एजुकेशन प्रोग्राम का आयोजन किया गया। ब्रेथ ईजी हॉस्पिटल, अस्सी एवं रामनगर में आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य बढ़ते वायु प्रदूषण, धूम्रपान के दुष्प्रभाव और सांस से जुड़ी गंभीर बीमारियों के प्रति लोगों को जागरूक करना रहा।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. एस.के. पाठक ने कहा कि बदलती जीवनशैली और लगातार बढ़ता प्रदूषण फेफड़ों की कार्यक्षमता को प्रभावित कर रहा है। अस्थमा, सीओपीडी (COPD), ब्रोंकाइटिस और टीबी जैसी बीमारियों की समय रहते पहचान और उचित जीवनशैली अपनाकर फेफड़ों को सुरक्षित रखने में मदद मिल सकती है।

उन्होंने शहर में बढ़ते वायु प्रदूषण से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियां बरतने और जरूरत के अनुसार मास्क का इस्तेमाल करने पर जोर दिया। साथ ही मरीजों को इनहेलर के सही इस्तेमाल की विधि समझाई। उन्होंने बताया कि चिकित्सकीय सलाह के अनुसार इनहेलर का इस्तेमाल सुरक्षित और प्रभावी तरीके से किया जा सकता है।

डॉ. पाठक ने तंबाकू और धूम्रपान के दुष्प्रभावों के प्रति भी लोगों को सचेत किया। उन्होंने कहा कि तंबाकू और धूम्रपान फेफड़ों के कैंसर के प्रमुख कारणों में शामिल हैं, इसलिए इससे बचाव जरूरी है।

कार्यक्रम के दौरान 113 मरीजों और उनके परिजनों के लिए ब्रेथ ईजी की ओर से निशुल्क पल्मोनरी हेल्थ चेकअप और डाइट संबंधी परामर्श की व्यवस्था की गई। कार्यक्रम के अंत में डॉ. पाठक ने मरीजों के सवालों के जवाब दिए और उन्हें फेफड़ों के स्वास्थ्य के लिए ब्रीदिंग एक्सरसाइज की जानकारी दी।


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

1112


सबरंग