वाराणसी। ककरमत्ता पेट्रोल पंप पर सीएनजी भरवाने के दौरान ऑटो में छूटे बुजुर्ग दंपत्ति के सामान को वाराणसी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बरामद कर सकुशल उनके सुपुर्द कर दिया। पुलिस की इस कार्रवाई में ककरमत्ता पेट्रोल पंप और वाराणसी जंक्शन के सीसीटीवी कैमरों की मदद ली गई।
जानकारी के अनुसार, 25 सितंबर 2026 की सुबह करीब 6:30 बजे विनोद कुमार यादव, निवासी ग्राम कुसुम्ही, बजरंग नगर कॉलोनी, डोभी, जनपद जौनपुर, मुंबई से वाराणसी आ रहे थे। रास्ते में ककरमत्ता पेट्रोल पंप पर ऑटो में सीएनजी भरवाई जा रही थी। इसी दौरान ऑटो चालक बुजुर्ग दंपत्ति को बैठाए बिना ही ऑटो लेकर चला गया। उनका सामान ऑटो में ही छूट गया।
सामान छूटने की सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। पुलिस टीम ने ककरमत्ता पेट्रोल पंप और वाराणसी जंक्शन के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का अवलोकन कर ऑटो की पहचान और तलाश शुरू की। त्वरित कार्रवाई के बाद पुलिस ने ऑटो का पता लगाकर उसमें रखा सामान बरामद कर लिया।
इसके बाद बरामद सामान बुजुर्ग दंपत्ति को सकुशल सौंप दिया गया। सामान वापस मिलने पर बुजुर्ग दंपत्ति ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई के लिए आभार व्यक्त किया।