MENU

पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने राजपत्रित अधिकारियों के साथ की बैठक, पुलिसिंग में गुणवत्ता और त्वरित कार्रवाई पर जोर



 26/Sep/26

गोद लिए गए थानों को आदर्श बनाने, महिला अपराध पर प्रभावी निगरानी, बीट पुलिसिंग मजबूत करने और आगामी एयर शो व एमएलसी चुनाव की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर दिए निर्देश

पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने शुक्रवार को कैंप कार्यालय में राजपत्रित अधिकारियों के साथ बैठक कर पुलिसिंग को अधिक प्रभावी, संवेदनशील और परिणामपरक बनाने के संबंध में विस्तृत दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समय के साथ अपराध के तौर-तरीके बदल रहे हैं, इसलिए पुलिसिंग में भी निरंतर बदलाव जरूरी है। तकनीकी दक्षता, बेहतर बीट व्यवस्था, मजबूत जनसंवाद और त्वरित कार्रवाई के माध्यम से अपराध नियंत्रण एवं कानून-व्यवस्था को प्रभावी बनाया जाए।

पुलिस आयुक्त ने कहा कि वाराणसी की पुलिसिंग को बेहतर बनाकर अन्य जिलों के लिए रोल मॉडल के रूप में विकसित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को जनता की समस्याएं संवेदनशीलता से सुनने और उनका त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पुलिसकर्मियों को भी शालीनता, विनम्रता और संयम के साथ जनता से सम्मानजनक संवाद करने पर जोर दिया।

गोद लिए थानों को आदर्श बनाने के निर्देश

पुलिस आयुक्त ने गोद लिए गए थानों का एक सप्ताह के भीतर निरीक्षण करने के निर्देश दिए। क्षेत्रीय व्यापारियों और पुलिसकर्मियों के साथ अलग-अलग बैठक कर उनकी समस्याओं की जानकारी लेकर समाधान कराने को कहा। थानों में तैनात पुलिसकर्मियों के आवास, मेस और अन्य व्यक्तिगत समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण कराने के भी निर्देश दिए गए।

उन्होंने थानों और चौकियों में चल रहे निर्माण कार्यों की नियमित जांच करते हुए गुणवत्ता, निर्धारित मानकों और समयबद्धता सुनिश्चित करने को कहा। संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण स्थानों पर सीसीटीवी कवरेज बढ़ाने के लिए व्यापारियों, प्रतिष्ठान संचालकों और नागरिकों को जागरूक करने के निर्देश दिए।

पुलिसकर्मियों की तकनीकी दक्षता बढ़ाने के लिए सीसीटीएनएस, आईपीडीआर, एमआरएम, जीआरएम, जेडएफडी और आरटीसी सहित विभिन्न पुलिस पोर्टल की बेसिक जानकारी वाली बुकलेट जारी करने तथा निर्धारित समय में पुलिसकर्मियों की दक्षता का परीक्षण कराने को कहा गया।

एयर शो और एमएलसी चुनाव के लिए पूर्व कार्ययोजना

आगामी 22, 23 और 25 अक्टूबर को प्रस्तावित एयर शो तथा 23 अक्टूबर को प्रस्तावित एमएलसी चुनाव को देखते हुए पुलिस आयुक्त ने समन्वित सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था की पूर्व कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।

राजपत्रित अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में रूट, पार्किंग स्थल, सीसीटीवी, मेडिकल टीम, शौचालय और अन्य जनसुविधाओं का पूर्व निरीक्षण कर कमियों को समय रहते दूर कराने को कहा गया। चुनाव केंद्रों का निरीक्षण करने के साथ पोलिंग पार्टियों के रवाना होने वाले स्थान, आवागमन मार्ग और तैनाती की भी पहले से योजना बनाने के निर्देश दिए गए।

महत्वपूर्ण मामलों की मॉनीटरिंग पर जोर

पुलिस आयुक्त ने कोडीन कफ सिरप, जीएसटी फ्रॉड और एलयूसीसी फ्रॉड से संबंधित महत्वपूर्ण विवेचनाओं में प्रभावी पर्यवेक्षण के साथ गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कराने को कहा। लंबित विभागीय जांचों के लिए विशेष अभियान चलाने के भी निर्देश दिए।

उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी महत्वपूर्ण घटना की सूचना छिपाई न जाए और तत्काल उच्चाधिकारियों को अवगत कराया जाए। राजपत्रित अधिकारी स्वयं संज्ञान लेकर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें और केवल थाना प्रभारी पर निर्भर न रहें।

महिला अपराध के हॉटस्पॉट चिन्हित करने के निर्देश

महिला अपराध से जुड़ी यूपी-112 शिकायतों की प्रभावी मॉनीटरिंग के लिए विशेष सेल गठित करने के निर्देश दिए गए। शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण, पीड़िताओं से फीडबैक और महिला उत्पीड़न के मामलों में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।

यूपी-112 से प्राप्त शिकायतों के घटनास्थलों का विश्लेषण कर महिला अपराध के हॉटस्पॉट चिन्हित करने तथा वहां निगरानी बढ़ाकर सक्रिय शोहदों और अराजक तत्वों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए।

चुनाव, यातायात और बीट पुलिसिंग पर भी फोकस

आगामी विधानसभा एवं ग्राम पंचायत चुनाव के मद्देनजर जातिगत एवं धार्मिक विवादों से जुड़े मामलों पर विशेष सतर्कता बरतने और संवेदनशील क्षेत्रों एवं व्यक्तियों को चिन्हित करने के निर्देश दिए गए। किसी भी विवाद की स्थिति में तत्काल संज्ञान लेकर निष्पक्ष एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।

यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए सभी अधिकारियों को प्रतिदिन कम से कम एक घंटे पैदल भ्रमण करने और चिह्नित स्थानों से अतिक्रमण हटवाकर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

बीट पुलिसिंग को व्यवस्थित करने के लिए यक्ष एप के अनुसार प्रत्येक थाने में बीट वितरण चार्ट तैयार कराने तथा प्रत्येक बीट में एक अनुभवी और एक नवीन आरक्षी की तैनाती करने को कहा गया। महिला आरक्षियों के लिए पृथक बीट निर्धारित करने के निर्देश भी दिए गए।

इसके अलावा लंबित एवं कालबाधित विवेचनाओं की राजपत्रित अधिकारियों के स्तर पर नियमित समीक्षा कर उनका शीघ्र, निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा गया।

बैठक में पुलिस उपायुक्त काशी जोन गौरव बंशवाल, पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन राजेश कुमार पाण्डेय, पुलिस उपायुक्त गोमती जोन नीतू, पुलिस उपायुक्त विनीत भटनागर, अपर पुलिस उपायुक्त गोमती जोन नृपेन्द्र, अपर पुलिस उपायुक्त वैभव बांगर, अपर पुलिस उपायुक्त यातायात अंशुमान मिश्रा सहित जनपद के समस्त राजपत्रित अधिकारी उपस्थित रहे।


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

2124


सबरंग