विश्व बधिर सप्ताह 2026 के अवसर पर वाराणसी पुलिस के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए भारतीय सांकेतिक भाषा पर जागरूकता सत्र आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पुलिस और ट्रैफिक पुलिस को बधिर एवं दिव्यांगजनों के साथ संवेदनशील, प्रभावी और समावेशी संवाद के लिए जागरूक एवं सक्षम बनाना रहा।
सत्र में बधिर एवं दिव्यांगजनों के साथ प्रभावी संवाद स्थापित करने, उनकी आवश्यकताओं को समझने तथा पुलिस और ट्रैफिक पुलिस की ओर से आवश्यक सहयोग एवं सहायता उपलब्ध कराने के संबंध में जानकारी दी गई। प्रतिभागियों ने बधिर एवं दिव्यांगजनों के साथ संवाद स्थापित करने के व्यावहारिक तरीकों को भी समझा।
पुलिस की ओर से बताया गया कि इस पहल का उद्देश्य दिव्यांगजनों को पुलिस सेवाओं तक बेहतर पहुंच और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में योगदान देना है। इसके साथ ही पुलिसकर्मियों में दिव्यांगजनों के प्रति संवेदनशील और समावेशी व्यवहार को बढ़ावा देना भी कार्यक्रम का प्रमुख उद्देश्य रहा।
कार्यक्रम में सीआरसी वाराणसी के निदेशक आशीष कुमार झा, प्रशासनिक अधिकारी अंशु शाही, लेखाकार दिनेश जायसवाल सहित सीआरसी वाराणसी की टीम ने सक्रिय सहभागिता की।
यह कार्यक्रम पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी के नेतृत्व, अपर पुलिस आयुक्त कानून व्यवस्था एवं मुख्यालय के मार्गदर्शन, अपर पुलिस उपायुक्त महिला अपराध नम्रिता श्रीवास्तव के पर्यवेक्षण तथा सहायक पुलिस आयुक्त कैंट प्रज्ञा पाठक के सहयोग से आयोजित किया गया।