MENU

रामनगर औद्योगिक क्षेत्र में बिजली समस्याओं पर बैठक, 15 दिन में समाधान का अल्टीमेटम



 26/Sep/26

उद्यमियों ने मीटर, बिलिंग, ट्रिपिंग, सोलर यूनिट समायोजन और बिजली आपूर्ति से जुड़ी समस्याएं उठाईं; मुख्य अभियंता ने अधिकारियों को दिए निर्देश

वाराणसी। रामनगर औद्योगिक क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति और बिलिंग से जुड़ी समस्याओं को लेकर उद्यमियों और पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के अधिकारियों की बैठक हुई। रामनगर औद्योगिक एसोसिएशन के अध्यक्ष देव भट्टाचार्य की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में मुख्य अभियंता प्रवेश कुमार, अधीक्षण अभियंता लोकेश चंद्रा, अधिशासी अभियंता सुनील यादव, आशीष कुमार और मीटर विभाग के अधिशासी अभियंता शिवकुमार सहित सभी उपखंड अधिकारियों ने हिस्सा लिया। बैठक में उद्यमियों ने अपनी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं।

उद्यमी विजय सिंह ने बताया कि मीटर में फेस मिसिंग होने के कारण विभाग की ओर से गलत असेसमेंट किया गया, जिसके चलते करीब दो लाख रुपये का अर्थदंड लगाया गया। मुख्य अभियंता ने मामले में तत्काल कार्रवाई करते हुए अर्थदंड समाप्त करने का आश्वासन दिया।

उद्यमी केशव करवा ने सोलर से उत्पादित 46 हजार यूनिट बिजली का बिल में समायोजन नहीं होने की समस्या उठाई। उन्होंने बताया कि कई महीनों से विभाग के चक्कर लगाने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ। मिथिला इंडस्ट्री के अशोक सुलतानिया ने जमा सिक्योरिटी राशि पर ब्याज नहीं मिलने का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि वर्तमान में सिक्योरिटी राशि बढ़ाकर 3500 रुपये प्रति किलोवाट किए जाने से उद्यमियों पर अतिरिक्त आर्थिक भार पड़ रहा है।

संगरीला कलर कोटिंग के सुजीत कुमार सुमन ने बताया कि पिछले एक वर्ष से उन्हें बिजली का बिल नहीं मिला है और पुराने उपभोक्ता का नाम हटाकर उनका नाम भी अब तक दर्ज नहीं किया गया है। सिमरन फूड्स के स्वामी ने पिछले छह महीने से खराब सिटी-पिटी को नहीं बदले जाने की समस्या बताई।

अक्षत रोलर के उद्यमी ने बताया कि उनके यहां 1600 केवीए का कनेक्शन है, लेकिन प्रतिदिन करीब पांच बार बिजली ट्रिपिंग होने से उत्पादन प्रभावित हो रहा है। विजय केशरी ने फैक्ट्री के सामने झुके बिजली के पोल और ढीले तारों की समस्या उठाते हुए कहा कि कई महीनों से विभाग को जानकारी देने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ है।

इसके अलावा ब्रिजलेक्स इंजीनियरिंग के उद्यमी ने दो महीने से बिजली बिल नहीं आने की शिकायत की। उद्यमी सुरेश खंडेलवाल ने बताया कि नया मीटर लगने के बाद से अब तक उन्हें बिजली का बिल प्राप्त नहीं हुआ है।

रामनगर औद्योगिक एसोसिएशन के अध्यक्ष देव भट्टाचार्य ने दोनों औद्योगिक क्षेत्रों में 11 हजार वोल्ट के फीडर बढ़ाने की मांग की। उन्होंने औद्योगिक क्षेत्र में 400 केवीए क्षमता के पांच अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगाने तथा 33 हजार वोल्ट की अलीनगर लाइन को औद्योगिक क्षेत्र से आइसोलेटर के माध्यम से टैपिंग करने का सुझाव दिया, ताकि विद्युत आपूर्ति सुचारू बनी रहे।

उद्यमियों की समस्याएं सुनने के बाद मुख्य अभियंता प्रवेश कुमार ने संबंधित अधिकारियों को 15 दिनों के भीतर सभी समस्याओं का समाधान करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि निर्धारित अवधि में समस्याओं का समाधान नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि औद्योगिक क्षेत्र से विभाग को महत्वपूर्ण राजस्व प्राप्त होता है। साथ ही उन्होंने औद्योगिक क्षेत्र में हर महीने बैठक आयोजित करने की बात कही।

बैठक में चंद्रेश्वर जायसवाल, पंकज बिजलानी, अशोक सुलतानिया, सौरभ शाह, अनूप साहू, आशीष गुप्ता, त्रिभुवन सिंह, सिद्धार्थ बाजला, मनोज तिवारी, अरविंद सिंह, अरुण वर्मा, अमित गुप्ता, उत्तम कुमार, शरद अग्रसेन, विजय सिंह, केशव यादव, शोहेब अहमद, नितेश सिंह, शिवा पूजन जायसवाल सहित बड़ी संख्या में उद्यमी उपस्थित रहे।


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

5846


सबरंग