प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा संकल्प अभियान के तहत पं. दीनदयाल उपाध्याय की जयंती की पूर्व संध्या पर भाजपा काशी क्षेत्र की ओर से नगवा स्थित संत रविदास पार्क में बुधवार को ‘संत रविदास सेवा रत्न सम्मान समारोह’ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में चर्मकार बंधुओं (मोची) को अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। साथ ही जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केंद्र की ओर से चर्मकारों का पंजीकरण किया गया और विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के तहत पहले से पंजीकृत लाभार्थियों को टूलकिट वितरित की गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ भाजपा काशी क्षेत्र अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने संत शिरोमणि गुरु रविदास की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गरीब, जरूरतमंद, शिल्पकार, मजदूर, किसान, महिलाओं और युवाओं को सशक्त बनाने पर जोर दिया जा रहा है। सरकार की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से रेहड़ी-पटरी व्यवसायियों, छोटे दुकानदारों, चर्म शिल्पकारों और फुटपाथ पर आजीविका चलाने वाले लोगों को प्रशिक्षण, टूलकिट और अन्य सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
अशोक चौरसिया ने कहा कि कमजोर एवं निम्न आय वर्ग, छोटे किसानों, टैक्सी और ऑटो चालकों सहित जरूरतमंद लोगों के लिए ऋण और अनुदान जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। केंद्र और प्रदेश सरकार का उद्देश्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति का आर्थिक और सामाजिक उत्थान करना है। उन्होंने कहा कि अंत्योदय का सिद्धांत पं. दीनदयाल उपाध्याय और संत गुरु रविदास के विचारों में भी प्रमुखता से दिखाई देता है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए गरीबों, चर्म शिल्पकारों और विश्वकर्मा समाज से जुड़े लोगों को आर्थिक रूप से मजबूत करना आवश्यक है। चर्मकार बंधुओं के सम्मान को उन्होंने सौभाग्य का अवसर बताया।
कार्यक्रम का संचालन क्षेत्र उपाध्यक्ष अमित राय ने किया। इस अवसर पर क्षेत्र उपाध्यक्ष नवरतन राठी, उत्तम ओझा, विद्याधर तिवारी, अनूप जायसवाल, देवेंद्र मौर्य, संतोष सोलापुरकर, अनिल गुप्ता, अनुराग शर्मा, रविंद्र सिंह, गीता शास्त्री, सुधीर सिंह, शैलेंद्र मिश्रा, मनोज यादव और सीमा यादव सहित बड़ी संख्या में चर्मकार बंधु उपस्थित रहे।