वाराणसी। आरएस फार्मेसी कॉलेज में 25 सितंबर 2026 को वर्ल्ड फार्मासिस्ट डे बड़े उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। इस वर्ष कार्यक्रम की थीम “Empowering Pharmacist for Healthier Futures” रही। कार्यक्रम का उद्देश्य फार्मासिस्टों की भूमिका, जिम्मेदारियों और समाज के स्वास्थ्य में उनके योगदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। मुख्य अतिथि राज नारायण कुंवर, अमिताभ जयप्रकाश चौधरी एवं जयदेव मौर्या ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कॉलेज के प्रधानाचार्य ने सभी अतिथियों का बुके एवं स्मृति चिह्न देकर स्वागत किया।
कार्यक्रम में राज नारायण कुंवर, सेवानिवृत्त मुख्य फार्मासिस्ट, भारतीय रेलवे, डीएलडब्ल्यू, अमिताभ जयप्रकाश चौधरी, मुख्य प्रचारक, भारतीय फार्मासिस्ट अभियान तथा जयदेव मौर्या, मुख्य फार्मासिस्ट, टाटा कैंसर हॉस्पिटल, वाराणसी गेस्ट ऑफ ऑनर के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत पोस्टर मेकिंग एवं रंगोली प्रतियोगिता से हुई। इसके बाद वर्ल्ड फार्मासिस्ट डे के अवसर पर निबंध प्रतियोगिता और क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। विभिन्न प्रतियोगिताओं में कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
मुख्य अतिथि राज नारायण कुंवर ने वर्ल्ड फार्मासिस्ट डे के महत्व पर प्रकाश डालते हुए फार्मासिस्टों के अधिकारों एवं जिम्मेदारियों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने छात्र-छात्राओं से फार्मेसी के क्षेत्र में पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ कार्य करने की शपथ लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि फार्मासिस्ट का कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण है और समाज के स्वास्थ्य की जिम्मेदारी में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका होती है। फार्मासिस्टों को अपनी जिम्मेदारियों का भली-भांति निर्वहन करते हुए स्वस्थ समाज के निर्माण में योगदान देना चाहिए।
इसी क्रम में अमिताभ जयप्रकाश चौधरी एवं जयदेव मौर्या ने भी फार्मेसी के महत्व और फार्मासिस्टों के सामाजिक दायित्वों पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने छात्र-छात्राओं से एक अच्छे और जिम्मेदार फार्मासिस्ट बनने का आह्वान किया तथा कहा कि फार्मेसी के क्षेत्र में कार्य करते हुए समाज को स्वस्थ और जागरूक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई जा सकती है।
कार्यक्रम के अंत में कॉलेज के प्रधानाचार्य ने धन्यवाद ज्ञापन किया। उन्होंने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए छात्र-छात्राओं से अतिथियों द्वारा बताए गए मार्ग पर चलने और अपने पेशे के प्रति पूरी निष्ठा रखने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का संचालन मयंक दूबे ने किया। इस अवसर पर फार्मेसी कॉलेज के समस्त शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।