जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग और मुख्य विकास अधिकारी आर जगत साई ने जिले के परिषदीय विद्यालयों और गेस्ट हाउस का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने विद्यालयों में बच्चों की पढ़ाई, शिक्षा की गुणवत्ता, मिड-डे मील, आंगनवाड़ी केंद्र और स्कूल परिसर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण की शुरुआत प्राथमिक विद्यालय बसारिकपुर से हुई। जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी ने कक्षाओं में जाकर बच्चों के पढ़ाई के स्तर और शिक्षा की गुणवत्ता की जानकारी ली। उन्होंने विद्यालय परिसर में संचालित आंगनवाड़ी केंद्र का भी निरीक्षण किया।
अधिकारियों ने विभागीय योजनाओं और गतिविधियों के संचालन की स्थिति देखी और व्यवस्थाओं पर संतोष जताया।
इसके बाद डीएम और सीडीओ कंपोजिट विद्यालय खगवल पहुंचे। जिलाधिकारी ने कक्षा में जाकर बच्चों से बातचीत की और उनके शैक्षणिक ज्ञान को परखा। उन्होंने कक्षा छह के विद्यार्थियों से अंग्रेजी की किताब पढ़वाई और कई शब्दों के अर्थ पूछकर उनकी समझ का आकलन किया।
कंपोजिट विद्यालय खगवल में निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्वयं मिड-डे मील चखकर भोजन की गुणवत्ता, स्वाद और साफ-सफाई की जांच की। भोजन की गुणवत्ता संतोषजनक पाए जाने पर उन्होंने प्रसन्नता जताई।
इसके बाद अधिकारियों ने विद्यालय की अन्य कक्षाओं और परिसर का निरीक्षण किया तथा आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर संबंधित अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए।
परिषदीय विद्यालयों के निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी ने गेस्ट हाउस बर्थरा खुर्द का भी निरीक्षण किया। उन्होंने नए बने भवन का जायजा लेते हुए आवश्यक सुधार कार्य जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए।
अधिकारियों ने कहा कि आवश्यक सुधार के बाद भवन को जल्द संबंधित विभाग को हस्तांतरित करने की प्रक्रिया पूरी की जाए।
निरीक्षण के दौरान जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी सकलडीहा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।