वाराणसी। मानसरोवर स्थित श्री राम तारक आंध्रा आश्रम में आयोजित 40वें वर्ष के श्री गणेश नवरात्रि महोत्सव का बुधवार को श्रद्धा और भक्तिभाव के बीच भव्य समापन हुआ। 14 सितंबर से 23 सितंबर तक चले दस दिवसीय महोत्सव के अंतिम दिन भगवान श्री गणेश जी की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
शोभायात्रा श्री राम तारक आंध्रा आश्रम से शुरू होकर पांडे हवेली, सोनारपुरा, भेलूपुर, हनुमान घाट और केदारेश्वर मंदिर होते हुए पुनः आश्रम पहुंची। पूरे यात्रा मार्ग में श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश के जयकारे लगाए। कई स्थानों पर स्थानीय लोगों ने आरती उतारकर और नारियल फोड़कर शोभायात्रा का स्वागत किया।
शोभायात्रा के दौरान पूरा क्षेत्र गणपति भक्ति से सराबोर नजर आया। श्रद्धालुओं ने उत्साह और भक्तिभाव के साथ भगवान श्री गणेश का आशीर्वाद लिया।
गणेश नवरात्रि महोत्सव के दौरान आश्रम में प्रतिदिन धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। दस दिनों तक चले आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। विभिन्न कार्यक्रमों में सैकड़ों भक्तों और गणमान्य लोगों ने पहुंचकर भगवान श्री गणेश का आशीर्वाद प्राप्त किया।
महोत्सव का आयोजन श्री राम तारक आंध्र आश्रम के मैनेजिंग ट्रस्टी वी. वी. सुंदर शास्त्री के नेतृत्व में किया गया। आयोजन को सफल बनाने में वी. वी. सीताराम, वी. वी. विश्वनाथ, संतोष कुमार, वी. वी. एस. पी. गणेश, श्याम शास्त्री, बुद्धा शर्मा, तुलसी मनोज जोशी, गजानन जोशी, संदीप कुमार सहित आश्रम के पदाधिकारियों और सेवाभावी सदस्यों का योगदान रहा।
आयोजकों ने कहा कि धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन काशी की आध्यात्मिक परंपरा, सामाजिक एकता और सनातन संस्कृति को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
दस दिवसीय श्री गणेश नवरात्रि महोत्सव का समापन श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के वातावरण में हुआ।