श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास एवं श्री काशी विश्वनाथ विशिष्ट क्षेत्र विकास परिषद के नव नियुक्त मुख्य कार्यपालक अधिकारी सत्यम मिश्र ने मंगलवार को श्री काशी विश्वनाथ धाम का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने धाम परिसर में श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों को दर्शन और सुविधाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सत्यम मिश्र ने धाम के विभिन्न हिस्सों का भ्रमण किया। उन्होंने श्रद्धालुओं के लिए निर्धारित प्रवेश और निकास मार्ग, जिग-जैग दर्शन व्यवस्था, कतार प्रबंधन, श्रद्धालुओं के आवागमन और सुरक्षा व्यवस्था की स्थिति देखी।
मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों से वर्तमान दर्शन व्यवस्था और श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध नवीन सुविधाओं की जानकारी भी ली।
सत्यम मिश्र ने धाम में श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध शुद्ध पेयजल, स्वच्छता, विश्राम और अन्य आवश्यक सुविधाओं का भी निरीक्षण किया। इसके साथ ही वृद्ध एवं जरूरतमंद श्रद्धालुओं के लिए संचालित मुमुक्षु भवन की व्यवस्थाओं की जानकारी लेकर वहां उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि धाम परिसर में स्वच्छता और पेयजल की व्यवस्था लगातार सुनिश्चित की जाए तथा श्रद्धालुओं से जुड़ी सुविधाओं की नियमित निगरानी की जाए।
मुख्य कार्यपालक अधिकारी सत्यम मिश्र ने कहा कि श्री काशी विश्वनाथ धाम आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक दर्शन उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है। श्रद्धालुओं की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए धाम की व्यवस्थाओं का नियमित निरीक्षण किया जाएगा और आवश्यकता के अनुसार सुधार किए जाएंगे।
उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि श्रद्धालुओं के आवागमन और दर्शन के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो। प्रवेश मार्गों और जिग-जैग व्यवस्था में प्रभावी कतार प्रबंधन बनाए रखने के साथ सुरक्षा व्यवस्था पर भी लगातार नजर रखने को कहा।
निरीक्षण के दौरान डिप्टी कलेक्टर शंभू शरण, उप जिलाधिकारी पवन प्रकाश पाठक सहित मंदिर न्यास एवं परिषद के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।