MENU

शिवाला सीवर बोरा प्रकरण: नौ दिन बाद भी गिरफ्तारी नहीं, अजय राय ने CCTV जांच की मांग की



 23/Sep/26

वाराणसी में सीवर के अंदर बोरा मिलने के मामले को लेकर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने मौके का निरीक्षण किया। दोषियों की गिरफ्तारी और CCTV फुटेज सार्वजनिक करने की मांग, कार्रवाई नहीं होने पर प्रधानमंत्री के संसदीय कार्यालय के घेराव की चेतावनी।

शिवाला क्षेत्र के अग्रवाल रेडियो चौराहे पर सीवर के अंदर बोरा मिलने के मामले को लेकर उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री अजय राय सोमवार को मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और स्थानीय लोगों से बातचीत कर सीवर, जलनिकासी और क्षेत्र की समस्याओं की जानकारी ली।

नौ दिन बाद भी नहीं हुई गिरफ्तारी

अजय राय ने कहा कि सीवर में बोरा मिलने की घटना को नौ दिन बीत चुके हैं, लेकिन अभी तक बोरा डालने वाले लोगों की गिरफ्तारी नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि जलकल विभाग की ओर से तहरीर दिए जाने के बावजूद दोषियों की पहचान सामने नहीं आई है।

उन्होंने घटनास्थल के आसपास लगे स्मार्ट सिटी के CCTV कैमरों की फुटेज तत्काल जांचने की मांग की। उनका कहना था कि CCTV फुटेज के जरिए यह पता लगाया जा सकता है कि बोरा कौन लेकर आया और उसे सीवर में किसने डाला।

CCTV फुटेज के आधार पर हो कार्रवाई

अजय राय ने कहा कि सरकार को आरोप-प्रत्यारोप के बजाय पूरे मामले की जांच कर सच्चाई जनता के सामने रखनी चाहिए। यदि किसी व्यक्ति ने जानबूझकर सीवर में बोरा डाला है तो उसकी पहचान कर कार्रवाई की जानी चाहिए। वहीं, यदि किसी पर लगाए गए आरोप गलत हैं तो इसकी जानकारी भी सार्वजनिक की जानी चाहिए।

सीवर और जलभराव की समस्याओं पर भी उठाए सवाल

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने वाराणसी में सीवर, जलभराव, गंदगी और खराब सड़कों की समस्याओं को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि शहर में बड़ी-बड़ी विकास परियोजनाओं की घोषणाएं होती हैं, लेकिन आम लोगों को अब भी बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि केंद्र, प्रदेश और नगर निगम स्तर पर भाजपा की सरकार होने के कारण शहर की मूलभूत समस्याओं को लेकर जवाबदेही भी तय होनी चाहिए। जिस क्षेत्र में सीवर में बोरा मिला है, वह कैंट विधानसभा क्षेत्र में आता है।

कार्रवाई नहीं हुई तो संसदीय कार्यालय के घेराव की चेतावनी

अजय राय ने कहा कि कांग्रेस इस मामले को जनता की आवाज के रूप में उठा रही है। उन्होंने सीवर बोरा प्रकरण की निष्पक्ष जांच, CCTV फुटेज की जांच, दोषियों की पहचान और गिरफ्तारी की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि मामले की सच्चाई सामने नहीं आती है तो प्रधानमंत्री के संसदीय कार्यालय का घेराव कर जवाब मांगा जाएगा।

ये लोग रहे मौजूद

मौके पर सतनाम सिंह, अरुण सोनी, वकील अंसारी, चंचल शर्मा, प्रवीण प्रकाश, सुनील श्रीवास्तव, संतोष चौरसिया, मिथुन सरदार, प्रमोद वर्मा, गोपाल चौबे, सदानंद तिवारी, अफसर खान, आकाश त्रिपाठी, सैय्यद महफूज अली, श्याम विश्वकर्मा, राजेंद्र गुप्ता, इमाम रजा, प्रेमदत्त तिवारी, गुरु प्रसाद यादव, इम्तियाज अहमद, शशि सोनकर सहित अन्य लोग मौजूद रहे।


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

9313


सबरंग