MENU

87 से अधिक संस्थानों के स्टॉल से सजा ‘दिशा’ कैरियर मेला, 3000 से ज्यादा विद्यार्थियों ने जाना भविष्य का मार्ग



 23/Sep/26

सनबीम स्कूल वरुणा में आयोजित मेले में देश-विदेश के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों ने विद्यार्थियों को दिए कैरियर संबंधी सुझाव

सनबीम शिक्षण समूह की ओर से सनबीम स्कूल वरुणा के परिसर में ‘दिशा’ कैरियर मेले का आयोजन किया गया। मेले में देश-विदेश के 87 से अधिक प्रतिष्ठित संस्थानों ने विभिन्न कैरियर विकल्पों से संबंधित स्टॉल लगाए। कार्यक्रम में 3000 से अधिक विद्यार्थियों ने सहभागिता कर उच्च शिक्षा और रोजगार के विभिन्न क्षेत्रों की जानकारी प्राप्त की।

मेले का उद्घाटन सनबीम शिक्षण समूह के अध्यक्ष डॉ. दीपक मधोक, उपाध्यक्षा भारती मधोक, निदेशिका अमृता बर्मन, सह-निदेशिका प्रतिमा गुप्ता और मानद निदेशक हर्ष मधोक ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। मेले में विद्यार्थियों को उनकी रुचि और क्षमता के अनुरूप विभिन्न कैरियर विकल्पों की जानकारी उपलब्ध कराई गई।

कार्यक्रम में इंडियन एयरफोर्स, इंडियन आर्मी, पिल्लई कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग, सनबीम कॉलेज ऑफ वीमेन भगवानपुर, सनबीम वीमेन्स कॉलेज वरुणा, शिव नाडर यूनिवर्सिटी, के.आर. मंगलम यूनिवर्सिटी, लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी, अमृता विद्यापीठम, एमिटी यूनिवर्सिटी, बैंकॉक यूनिवर्सिटी, यूनिवर्सल एआई यूनिवर्सिटी, यूनाइटेड वर्ल्ड इंस्टीट्यूट ऑफ डिजाइन, कर्णावती यूनिवर्सिटी, मनिपाल एकेडमी ऑफ हायर एजुकेशन, एसआरएम यूनिवर्सिटी, चित्कारा यूनिवर्सिटी, एनआईआईटी, गलगोटियाज और चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी समेत कई संस्थानों ने स्टॉल लगाए।

मेले में सनबीम समूह के भगवानपुर, लहरतारा, सनसिटी, वरुणा और सारनाथ विद्यालयों के विद्यार्थियों के साथ एसोसिएट सनबीम विद्यालयों ने भी भाग लिया। सनबीम वीमेन्स कॉलेज भगवानपुर और वरुणा की छात्राओं ने भी मेले का अवलोकन कर उच्च शिक्षा एवं कैरियर के संभावित विकल्पों की जानकारी ली।

सुबह 8:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक चले मेले में विद्यार्थियों के साथ बड़ी संख्या में अभिभावकों और अतिथियों ने भी हिस्सा लिया। विभिन्न संस्थानों के प्रतिनिधियों ने पाठ्यक्रम, प्रवेश प्रक्रिया और संबंधित क्षेत्रों में उपलब्ध अवसरों के बारे में जानकारी दी।

सनबीम शिक्षण समूह के अध्यक्ष डॉ. दीपक मधोक ने कहा कि इस तरह के आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों को विभिन्न कैरियर विकल्पों से परिचित कराना और उनके लक्ष्य निर्धारण में सहयोग करना है, ताकि वे अपने भविष्य के लिए उचित दिशा का चयन कर सकें।

इस अवसर पर उपाध्यक्षा भारती मधोक, निदेशिका अमृता बर्मन और सनबीम स्कूल वरुणा की प्रधानाचार्या डॉ. अनुपमा मिश्रा ने विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को सकारात्मक रूप से प्रेरित करते रहने का अनुरोध किया। कार्यक्रम में समूह के अन्य विद्यालयों के प्रधानाचार्य और उप-प्रधानाचार्य भी उपस्थित रहे।


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

2932


सबरंग