MENU

सैयदराजा में 9 मंडलों के 250 खिलाड़ियों की प्रदेशीय वुशू प्रतियोगिता शुरू

HariShankar Tiwari

 23/Sep/26

राज्यसभा सांसद दर्शना सिंह ने किया उद्घाटन, अंडर-17 और अंडर-19 वर्ग में बालक-बालिकाएं दिखाएंगे दमखम

सैयदराजा स्थित राष्ट्रीय इंटर कॉलेज में बुधवार से चार दिवसीय प्रदेशीय विद्यालयीय वुशू प्रतियोगिता का शुभारंभ हो गया। 23 से 26 सितंबर तक आयोजित होने वाली प्रतियोगिता में अंडर-17 और अंडर-19 वर्ग के बालक-बालिका खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। प्रदेश के नौ मंडलों से करीब 250 खिलाड़ियों के प्रतियोगिता में शामिल होने की संभावना है।

प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद दर्शना सिंह ने किया। इस दौरान सासाराम के एडीजे प्रथम राघवेंद्र राय और पूर्व जिला विद्यालय निरीक्षक विजय प्रकाश सिंह समेत अन्य अधिकारी एवं शिक्षक मौजूद रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए जिला विद्यालय निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार की ओर से विभिन्न समितियों का गठन किया गया है। आयोजन में करीब 40 शिक्षकों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। राजकीय इंटर कॉलेज नौगढ़ के प्रधानाचार्य मुकेश कुमार केशरी के नेतृत्व में प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है।

प्रतियोगिता को लेकर सैयदराजा नेशनल इंटर कॉलेज परिसर को सजाया गया है। प्रधानाचार्य अनिल कुमार सिंह सहित विद्यालय के अधिकारियों और शिक्षकों ने व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संभाल ली है। वित्तीय प्रबंधन, सांस्कृतिक कार्यक्रम, पुरस्कार वितरण और समापन समारोह के लिए अलग-अलग समितियां बनाई गई हैं। सभी समितियों को खिलाड़ियों और टीमों की सुविधा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए विभिन्न मंडलों की टीमें चंदौली पहुंचने लगी हैं। मंगलवार को मेरठ और सहारनपुर मंडल की टीमें कॉलेज परिसर पहुंचीं। बुधवार को मुरादाबाद, गोरखपुर, अयोध्या, मिर्जापुर, प्रयागराज, लखनऊ और वाराणसी मंडल के खिलाड़ी भी पहुंच गए। अन्य टीमों के खिलाड़ियों के पहुंचने का सिलसिला भी जारी है।

खिलाड़ियों, कोच और शिक्षकों की सुविधा के लिए पीडीडीयू जंक्शन, बनारस और वाराणसी कैंट रेलवे स्टेशनों पर शिक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है। खेल शिक्षक डॉ. भरत भूषण सिंह के अनुसार प्रत्येक स्टेशन पर चार-चार शिक्षक तैनात किए गए हैं। इनकी जिम्मेदारी टीमों को स्टेशन से रिसीव कर सैयदराजा नेशनल इंटर कॉलेज तक पहुंचाने की है।

जितेंद्र सिंह और शारीरिक शिक्षक डॉ. भरत भूषण सिंह ने बताया कि खिलाड़ियों के स्वास्थ्य एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए चिकित्सा समिति गठित की गई है। समिति में राष्ट्रीय इंटर कॉलेज सैयदराजा के शिक्षक और कर्मचारी शामिल हैं। खिलाड़ियों के ठहरने, भोजन, खेल स्थल, आवागमन और अन्य जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

3716


सबरंग