विकसित भारत @2047 के संकल्प को साकार करने और जनसेवा एवं किसान कल्याण की योजनाओं को किसानों तक पहुंचाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत विकासखंड काशी विद्यापीठ में बहुद्देशीय सेवा शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह रहे। उन्होंने क्षेत्र के किसानों को कृषि मिनी किट वितरित की।
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष एवं जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या सहित जनप्रतिनिधि, कृषि विभाग के अधिकारी और बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे। बताया गया कि सेवा संकल्प अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित किया जा रहा है।
किसानों को संबोधित करते हुए स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि किसान देश की अर्थव्यवस्था की महत्वपूर्ण आधारशिला हैं। किसानों को उन्नत कृषि तकनीक, गुणवत्तापूर्ण बीज और कृषि निवेश उपलब्ध कराकर कृषि उत्पादन एवं उत्पादकता बढ़ाने के लिए सरकार लगातार कार्य कर रही है।
उन्होंने किसानों से वैज्ञानिक एवं आधुनिक कृषि पद्धतियों को अपनाने तथा सरकार द्वारा संचालित किसान कल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान किसानों को कृषि से संबंधित सुविधाओं और योजनाओं की जानकारी भी दी गई।