MENU

पटना से काशी पहुंची 25 स्पोर्ट्स कारों की रैली, मोदी सरकार की 25 योजनाओं का किया प्रदर्शन



 22/Sep/26

सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित कार रैली में आयुष्मान, उज्ज्वला, पीएम किसान समेत जनकल्याणकारी योजनाओं के पोस्टर-स्लोगन से सजीं कारें, बाबतपुर में विजेताओं का सम्मान

 प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत पटना से काशी तक कार रैली आयोजित की गई। जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के नाम पर आयोजित रैली में 25 स्पोर्ट्स कारें शामिल हुईं। प्रत्येक कार को केंद्र सरकार की एक जनकल्याणकारी योजना के पोस्टर, स्टीकर और स्लोगन से सजाया गया था।

रैली का समापन बाबतपुर स्थित विलेज रिसोर्ट में हुआ। यहां विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को अंगवस्त्रम और मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।

रैली की संयोजक एवं बिहार भाजपा की उपाध्यक्ष डॉ. अमृता भूषण राठौर ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर चल रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत रैली का आयोजन किया गया। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पटना से कारों को फ्लैग ऑफ कर रवाना किया। रैली में शामिल प्रत्येक कार पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की एक योजना को प्रदर्शित किया गया।

उन्होंने बताया कि महिलाओं, स्वास्थ्य, कृषि और गरीब कल्याण से जुड़ी योजनाओं को अलग-अलग कारों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया। कारों के जरिए केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी लोगों तक पहुंचाई गई। प्रतिभागियों ने पटना से वाराणसी तक सड़क, चौड़ीकरण, फ्लाईओवर और रिंग रोड जैसी परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए यात्रा सुविधाओं में हुए बदलाव की चर्चा की। रैली में शामिल प्रतिभागियों ने काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन भी किए और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दीर्घायु एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।

जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या ने कहा कि पटना से काशी पहुंची 25 कारें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सेवा कार्यों को प्रदर्शित कर रही हैं। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी ने 13 वर्ष मुख्यमंत्री और 12 वर्ष प्रधानमंत्री के रूप में कार्य किया है। इस दौरान महिलाओं, बेटियों और गरीब परिवारों के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की गईं।

जिलाध्यक्ष रामसकल पटेल ने कहा कि काशी के सांसद और देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष आगामी सात अक्टूबर को पूरे हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस अवधि में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से गरीब और जरूरतमंद लोगों तक लाभ पहुंचाने का प्रयास किया गया है।

रैली के विजेताओं का सम्मान

समापन समारोह में कार रैली के विजेताओं को अंगवस्त्रम एवं मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया। प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान के विजेताओं के साथ बेस्ट कार डेकोरेटेड, बेस्ट कपल, बेस्ट ड्राइवर और यंगेस्ट ड्राइवर सहित विभिन्न श्रेणियों में प्रतिभागियों को पुरस्कार दिए गए।

जनकल्याणकारी योजनाओं से सजी थीं कारें

रैली में शामिल कारों पर केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के पोस्टर, स्टीकर और स्लोगन लगाए गए थे। इनमें आयुष्मान योजना, निशुल्क आवास एवं शौचालय योजना, जनधन खाते, पेंशन योजना, पीएम किसान सम्मान निधि, उज्ज्वला योजना और लखपति दीदी योजना प्रमुख रहीं।

कार्यक्रम में क्षेत्र उपाध्यक्ष एवं प्रवक्ता नवरतन राठी, डॉ. राकेश शर्मा, क्षेत्र सह मीडिया प्रभारी संतोष सोलापुरकर समेत बड़ी संख्या में समाजसेवी एवं प्रबुद्धजन मौजूद रहे।


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

5911


सबरंग