वाराणसी, 21 सितंबर 2026। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास एवं श्री काशी विश्वनाथ विशिष्ट क्षेत्र विकास परिषद के नव नियुक्त मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO) श्री सत्यम मिश्र ने सोमवार को विधिवत अपना पदभार ग्रहण किया। पदभार ग्रहण करने से पहले उन्होंने सपरिवार बाबा कालभैरव के दरबार में दर्शन-पूजन किया और इसके बाद श्री काशी विश्वनाथ धाम पहुंचकर बाबा श्री काशी विश्वनाथ का विधि-विधानपूर्वक पूजन-अर्चन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
पदभार ग्रहण करने के अवसर पर श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास एवं विशिष्ट क्षेत्र विकास परिषद के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। पदभार ग्रहण करने के बाद नव नियुक्त मुख्य कार्यपालक अधिकारी श्री सत्यम मिश्र ने अधिकारियों एवं कार्मिकों से परिचय प्राप्त किया और सभी का अभिवादन स्वीकार किया।
इस दौरान श्री सत्यम मिश्र ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए कार्य करने पर जोर दिया। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधा, सुगम दर्शन, व्यवस्थाओं की गुणवत्ता तथा श्री काशी विश्वनाथ धाम की गरिमा के अनुरूप कार्यों को प्राथमिकता देने की बात कही।
नव नियुक्त मुख्य कार्यपालक अधिकारी के पदभार ग्रहण के साथ ही श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास एवं विशिष्ट क्षेत्र विकास परिषद की व्यवस्थाओं और श्रद्धालु सुविधाओं से जुड़े कार्यों को लेकर नई कार्ययोजना एवं बेहतर समन्वय की दिशा में काम किए जाने की उम्मीद है।
II श्री काशीविश्वनाथो विजयतेतराम II