MENU

मानसरोवर आंध्रा आश्रम में 40वें श्री गणेश नवरात्र महोत्सव का शुभारंभ



 21/Sep/26

वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान गणेश की प्राण-प्रतिष्ठा, दक्षिण भारत से आए भक्तों ने भी लिया हिस्सा

वाराणसी। मानसरोवर स्थित श्री राम तारक आंध्रा आश्रम में 40वें श्री गणेश नवरात्र महोत्सव का शुभारंभ बुधवार को धूमधाम से हुआ। आश्रम परिसर में “गणपति बप्पा मोरया” के जयघोष के बीच भगवान गणेश की प्राण-प्रतिष्ठा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ की गई। इस दौरान दक्षिण भारत से आए श्रद्धालुओं के साथ स्थानीय भक्तों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया।

प्रातः करीब 9 बजे शुरू हुए धार्मिक अनुष्ठान में सबसे पहले मंडप आराधना कर विभिन्न देवी-देवताओं का आह्वान और पूजन किया गया। इसके बाद कंकण धारण एवं दीक्षा वस्त्र प्रदान करने की विधि पूरी की गई। कलश स्थापना के बाद विधि-विधान से भगवान गणेश की सहस्रनाम पद्धति से पूजा-अर्चना की गई।

पूजन के दौरान भगवान गणेश की विशेष मंगल आरती की गई। इसके बाद मंत्रपुष्पम अर्पित कर श्रद्धालुओं में प्रसाद का वितरण किया गया। पूरे परिसर में धार्मिक वातावरण बना रहा और श्रद्धालुओं ने गणपति के जयकारे लगाए।

पूजा के यजमान आश्रम के मैनेजिंग ट्रस्टी वी.वी. सुंदर शास्त्री एवं वी.वी. विश्वनाथ रहे। मुख्य पुजारी पंडित श्याम राव शास्त्री और पंडित बुद्ध शर्मा ने वैदिक विधि-विधान से पूजा-अर्चना संपन्न कराई।

कार्यक्रम में डॉ. उलिमिरी सोमायजुलु, डॉ. सी.वी.बी. सुब्रह्मण्यम, पी.वी.आर. शर्मा, अंजनेय मूर्ति, रामचंद्र मूर्ति, राकेश जायसवाल और अभिषेक जायसवाल सहित श्रद्धालु उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का संचालन आश्रम के मैनेजर वी.वी. सीताराम ने किया। महोत्सव के शुभारंभ पर आश्रम परिसर में श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

6382


सबरंग