लखनऊ। उत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल में “स्वच्छता ही सेवा अभियान-2026” के तहत 21 और 22 सितंबर को “स्वच्छ स्टेशन, स्वच्छ रेलगाड़ी एवं स्वच्छ सार्वजनिक स्थल” विषय पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत रेलवे स्टेशनों, ट्रेनों और रेलवे परिसरों में साफ-सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ यात्रियों और रेल कर्मचारियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
अभियान के तहत लखनऊ, वाराणसी जंक्शन, अयोध्या धाम, अयोध्या कैंट, प्रयाग जंक्शन, जौनपुर, सुल्तानपुर, मां बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़, अमेठी, रायबरेली और उन्नाव सहित मंडल के प्रमुख स्टेशनों पर विशेष सफाई गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।
रेलवे स्टेशनों के वाटर बूथ, रेलवे ट्रैक और सर्कुलेटिंग एरिया में विशेष सफाई कराई जा रही है। इसके साथ ही सूखे और गीले कचरे के पृथक्करण के लिए डस्टबिन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
अभियान के दूसरे दिन 22 सितंबर को “स्वच्छ रेलगाड़ी” अभियान के तहत लखनऊ मंडल से गुजरने वाली विभिन्न ट्रेनों का निरीक्षण किया जाएगा। इस दौरान ट्रेनों के शौचालयों, कोचों के अंदर और बाहर की स्वच्छता व्यवस्था का जायजा लिया जाएगा। साथ ही लिनेन और पैंट्री कार में साफ-सफाई की स्थिति की भी जांच की जाएगी।
मंडल रेल प्रबंधक, उत्तर रेलवे, लखनऊ सुनील कुमार वर्मा ने कहा कि “स्वच्छता ही सेवा अभियान” के माध्यम से रेलवे परिसरों में स्वच्छता को जनभागीदारी के जरिए और प्रभावी बनाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ स्टेशन और स्वच्छ रेलगाड़ी यात्रियों को बेहतर यात्रा अनुभव देने के साथ स्वच्छ वातावरण के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने यात्रियों और रेल कर्मचारियों से रेलवे स्टेशनों, प्लेटफॉर्म और ट्रेनों में स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करने तथा कूड़ा निर्धारित डस्टबिन में ही डालने की अपील की।