वाराणसी। हिन्दुस्तानी एकेडेमी उत्तर प्रदेश, प्रयागराज एवं पूर्णोदय महिला महाविद्यालय, बच्छांव के संयुक्त तत्वावधान में 19 सितंबर 2026 को “मध्यकालीन नारी अस्मिता और मीराबाई” विषय पर एक दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन महाविद्यालय के सभागार में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती प्रतिमा पर माल्यार्पण, दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का स्वागत किया।
कार्यक्रम के प्रारंभ में महाविद्यालय के प्रबंधक डॉ. अनिल तिवारी ने आमंत्रित अतिथियों का पुष्प-गुच्छ, स्मृति चिन्ह एवं अंगवस्त्र देकर स्वागत किया। उद्घाटन सत्र में बीएचयू के प्रो. मनोज कुमार सिंह, सोच-विचार पत्रिका के संपादक नरेन्द्र नाथ मिश्र, बीएचयू के प्रो. देवव्रत चौथे, जेएनयू दिल्ली के प्रो. ओम प्रकाश सिंह तथा हिन्दुस्तानी एकेडेमी प्रयागराज के डॉ. उदय प्रताप सिंह उपस्थित रहे। उद्घाटन सत्र का धन्यवाद ज्ञापन महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. साधना श्रीवास्तव ने किया।
इसके बाद आयोजित तकनीकी सत्र में पं. कमला नेहरू पीजी कॉलेज, सुल्तानपुर के प्रो. राधेश्याम सिंह ने मुख्य वक्ता के रूप में विचार रखे, जबकि प्रतापगढ़ के अंजनी कुमार सिंह वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। तकनीकी सत्र की अध्यक्षता डॉ. सदानन्द सिंह ने की। विभिन्न विश्वविद्यालयों से आए विद्वानों ने भी अपने विचार प्रस्तुत किए। इस दौरान प्रतिभागियों, शिक्षकों, शोधार्थियों एवं विद्यार्थियों ने अपने शोध-पत्रों का वाचन किया।
संगोष्ठी के समापन सत्र में बीएचयू की डॉ. गीति त्रिपाठी ने मुख्य वक्ता तथा डीसीएसके कॉलेज, मऊ के प्राचार्य प्रो. सर्वेश पाण्डेय ने वक्ता के रूप में विचार व्यक्त किए। सत्र की अध्यक्षता आर्य महिला पीजी कॉलेज की गो. सुचिता त्रिपाठी ने की। धन्यवाद ज्ञापन डॉ. रेनू पाण्डेय ने किया।
इस अवसर पर महाविद्यालय की मनोविज्ञान प्रवक्ता डॉ. वन्दना वर्मा द्वारा लिखित पुस्तक ‘मनोवैज्ञानिक परीक्षण’ का लोकार्पण भी किया गया। इसके बाद आयोजित कवि-गोष्ठी में अशोक कुमार सिंह, बृजेश पाण्डेय, देवेन्द्र पाण्डेय, कंचन सिंह परिहार, संतोष कुमार सिंह, प्रसन्न बदन चतुर्वेदी और बृजेन्द्र नारायण द्विवेदी ने काव्य पाठ किया।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. बिन्दु पटेल एवं डॉ. पूजा सिंह ने किया। अंत में प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए और कार्यक्रम का समापन हुआ। इस दौरान डॉ. नरेन्द्र देव, डॉ. प्रीति पाण्डेय, डॉ. शिरीष प्रियदर्शी, डॉ. रेनू पाण्डेय, डॉ. श्रीनित्या मालवीय, सुशील कुमार सिंह, डॉ. सुरेन्द्र कुमार, अमरनाथ सिंह, डॉ. अर्चना पाण्डेय, डॉ. नमिता साहु सहित महाविद्यालय की छात्राएं उपस्थित रहीं।