आगामी रबी सीजन को देखते हुए कृषि विभाग की ओर से किसानों को अनुदान पर बीज उपलब्ध कराया जा रहा है। 50 प्रतिशत अनुदान पर सामान्य वितरण के लिए गेहूं, चना, मटर और सरसों के बीज की बुकिंग चल रही है। इच्छुक किसान कृषि विभाग के पोर्टल agriculture.up.gov.in पर बुकिंग कर योजना का लाभ उठा सकते हैं।
कृषि विभाग के अनुसार, रबी सीजन के लिए जुलाई माह से किसानों द्वारा पोर्टल पर सरसों, चना, मटर एवं मसूर के बीज के लिए बुकिंग की गई थी। ई-लॉटरी के माध्यम से निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष निःशुल्क बीज मिनीकिट के लिए 3954 किसानों के लक्ष्य के मुकाबले 2216 किसानों तथा 50 प्रतिशत अनुदान पर बीज के लिए 2438 किसानों के लक्ष्य के मुकाबले 965 किसानों का चयन किया गया है।
जनपद के सभी राजकीय कृषि बीज भंडारों पर बीज की आपूर्ति कर दी गई है। चयनित किसानों के पंजीकृत मोबाइल नंबर पर पोर्टल के माध्यम से संदेश भी भेजा गया है। चयनित किसानों को संबंधित बीज का वितरण 16 सितंबर से राजकीय कृषि बीज गोदामों से किया जा रहा है।
जिला कृषि अधिकारी संगम सिंह ने चयनित किसानों से अपील की है कि वे अपने विकासखंड के राजकीय कृषि बीज भंडार से संपर्क कर चना, मटर, मसूर और सरसों का बीज शीघ्र प्राप्त करें और समय से बुवाई करें।
उन्होंने बताया कि 50 प्रतिशत अनुदान पर सामान्य वितरण के लिए गेहूं, चना, मटर और सरसों के बीज की बुकिंग भी जारी है। इच्छुक किसान कृषि विभाग के पोर्टल पर बुकिंग कर विभागीय योजनाओं का लाभ उठा सकते हैं, जिससे रबी फसलों की समय से बुवाई और बेहतर उत्पादन सुनिश्चित किया जा सके।