MENU

सर्पदंश में झाड़-फूंक नहीं, समय पर अस्पताल पहुंचाना जरूरी: सीएमओ



 19/Sep/26

अंतर्राष्ट्रीय सर्पदंश जागरूकता दिवस पर ग्रामीणों को बचाव और प्राथमिक उपचार की दी गई जानकारी

सेवा संकल्प अभियान के तहत अंतर्राष्ट्रीय सर्पदंश जागरूकता दिवस के अवसर पर शनिवार को जनपद में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों में आशा कार्यकत्रियों, एएनएम, सीएचओ, स्वास्थ्यकर्मियों और ग्रामीणों को सर्पदंश से बचाव, प्राथमिक उपचार तथा समय पर चिकित्सकीय सहायता लेने के संबंध में जानकारी दी गई।

इस वर्ष की थीम “सर्पदंश से बचे लोग और बचावकर्ता : बदलाव के अग्रदूत” के माध्यम से सर्पदंश से बचने वाले लोगों और बचाव कार्य में जुटे लोगों के अनुभवों को समाज के लिए प्रेरणादायी बताया गया।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एन.पी. सिंह ने कहा कि सर्पदंश चिकित्सकीय आपातस्थिति हो सकती है, इसलिए ऐसे मामलों में समय पर सही कदम उठाना बेहद जरूरी है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि सर्पदंश की घटना होने पर घबराएं नहीं और झाड़-फूंक या घरेलू उपचार में समय गंवाने के बजाय पीड़ित को जल्द से जल्द नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या अस्पताल पहुंचाएं।

क्या करें, क्या न करें

डॉ. शिवशक्ति प्रसाद द्विवेदी ने बताया कि सर्पदंश के बाद पीड़ित को शांत रखें और उसे अनावश्यक चलने-फिरने से रोकें। काटे गए अंग को यथासंभव स्थिर रखते हुए जल्द से जल्द चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जानी चाहिए।

उन्होंने बताया कि घाव पर चीरा लगाना, मुंह से जहर चूसने का प्रयास करना, कसकर टॉर्निकेट बांधना या किसी तरह की जड़ी-बूटी अथवा अन्य पदार्थ लगाना नुकसानदायक हो सकता है। इससे अस्पताल पहुंचने में भी देरी हो सकती है।

उन्होंने कहा कि सर्पदंश से बचाव के लिए घर के आसपास साफ-सफाई रखें और कूड़ा-कचरा व झाड़ियां जमा न होने दें। रात में जमीन पर सोने से बचें, मच्छरदानी का प्रयोग करें और अंधेरे में बाहर निकलते समय टॉर्च का इस्तेमाल करें।

डॉ. द्विवेदी ने बताया कि सर्पदंश के उपचार में एंटी-स्नेक वेनम की उपलब्धता और प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मियों द्वारा समय पर उपचार महत्वपूर्ण है। कार्यक्रम में स्वास्थ्यकर्मियों और ग्रामीणों को सर्पदंश की स्थिति में अपनाए जाने वाले सुरक्षित प्राथमिक उपायों की जानकारी दी गई। लोगों से अपील की गई कि सर्पदंश की किसी भी घटना को गंभीरता से लेते हुए तत्काल स्वास्थ्य विभाग की चिकित्सा सेवाओं का लाभ उठाएं।


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

5288


सबरंग