MENU

वाराणसी में 20 सितंबर को सोनार समाज का महासमागम, 25 जिलों से जुटेंगे प्रतिनिधि



 18/Sep/26

सांस्कृतिक संकुल में सुबह 11 बजे होगा आयोजन, सुरक्षा, सम्मान, शिक्षा, रोजगार और राजनीतिक भागीदारी समेत विभिन्न मुद्दों पर होगी चर्चा

वाराणसी। सोनार समाज की एकता, सम्मान, सुरक्षा, अधिकार और राजनीतिक भागीदारी को लेकर वाराणसी में 20 सितंबर 2026 को सोनार महासमागम का आयोजन किया जाएगा। सांस्कृतिक संकुल, चौकाघाट में सुबह 11 बजे प्रस्तावित इस महासमागम में उत्तर प्रदेश के करीब 25 जिलों से प्रतिनिधियों के साथ काशी के बड़ी संख्या में समाजजनों के शामिल होने की तैयारी है।

महासमागम के आयोजन को लेकर अंधरापुल स्थित सिटी गार्डेन में स्वर्णकार भारती सेवा संस्थान की ओर से पत्रकार वार्ता आयोजित की गई। संस्थान के राष्ट्रीय चेयरमैन रवि सर्राफ ने बताया कि महासमागम की तैयारियां पिछले छह महीने से की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि आयोजन में सोनार समाज के व्यापारियों और कारीगरों की सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।

उन्होंने बताया कि बीएनएस की धारा 317 से जुड़े सर्राफा कारोबारियों की कथित परेशानियों, पुलिस कार्रवाई और उनके समाधान के लिए सामूहिक पहल जैसे विषयों पर भी महासमागम में मंथन किया जाएगा। इसके अलावा व्यापारियों के लिए सम्मानजनक एवं न्यायपूर्ण वातावरण, सामाजिक उत्थान, शिक्षा, रोजगार और युवाओं को आगे बढ़ाने के मुद्दे भी प्रमुख रहेंगे।

आयोजकों के अनुसार लखनऊ, रायबरेली, प्रयागराज, रॉबर्ट्सगंज, आजमगढ़, गोरखपुर, संत कबीर नगर, जौनपुर, देवरिया, कुशीनगर, बलिया, मऊ, इटावा, कानपुर, आगरा, झांसी, कौशांबी, चंदौली, मिर्जापुर, भदोही और गाजीपुर समेत कई जिलों में जनसंपर्क कर प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया है। मध्य प्रदेश और बिहार के समाजजनों को भी महासमागम के लिए आमंत्रित किए जाने की जानकारी दी गई।

30 सेक्टर में घर-घर जनसंपर्क

संस्थान के जिलाध्यक्ष एवं पूर्व पार्षद किशोर सेठ ने बताया कि वाराणसी में सोनार समाज को 30 सेक्टर में बांटकर घर-घर जनसंपर्क अभियान चलाया गया है। उन्होंने कहा कि महासमागम में राजनीतिक भागीदारी के मुद्दे पर भी समाज की बात रखी जाएगी। इसके साथ ही समाज की एकता, संगठन और अधिकारों के प्रति जागरूकता को लेकर भी संदेश दिया जाएगा। आयोजन में कुछ महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाने की भी जानकारी दी गई।

महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष सरिता सर्राफ ने बताया कि महासमागम में युवाओं, महिलाओं, व्यापारियों, कारीगरों और समाज के विभिन्न वर्गों की सक्रिय भागीदारी पर विशेष जोर दिया गया है। उन्होंने समाज के लोगों से व्यक्तिगत मतभेदों से ऊपर उठकर एकता और सामूहिक हित के लिए महासमागम में शामिल होने की अपील की।

पत्रकार वार्ता में अनिल चंचल, अरुण सोनी, कृष्ण कुमार सेठ ‘बच्चू जी’, कमल कुमार सिंह, विष्णु दयाल सेठ, नाम सुंदर सिंह, ईश्वरचंद वर्मा, पंकज सर्राफ, किशन सेठ, राजेश सेठ, बेबी सेठ और सुनीति सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

आयोजन की जानकारी

  • कार्यक्रम: सोनार महासमागम

  • स्थान: सांस्कृतिक संकुल, चौकाघाट, वाराणसी

  • तारीख: 20 सितंबर 2026

  • समय: सुबह 11 बजे

  • आयोजक: स्वर्णकार भारती सेवा संस्थान


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

5554


सबरंग