वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन और सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर गुरुवार, 17 सितंबर 2026 को वाराणसी में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। रुद्राक्ष अंतरराष्ट्रीय सहयोग एवं सम्मेलन केंद्र में आयोजित कार्यक्रम में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान और केंद्रीय राज्य मंत्री पंकज चौधरी सहित कई नेता मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान वाराणसी से वडनगर के लिए ‘सेवा संकल्प बाइक यात्रा’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
प्रेस नोट के अनुसार यात्रा में 250 बाइक पर 500 यात्री शामिल रहे। यात्रा का उद्देश्य वाराणसी को प्रधानमंत्री की कर्मभूमि और वडनगर को जन्मभूमि के रूप में जोड़ना तथा विभिन्न स्थानों पर सेवा एवं जनसंपर्क गतिविधियों से लोगों को जोड़ना बताया गया।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि आज अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत की बात को गंभीरता से सुना जाता है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विभिन्न क्षेत्रों में हुए बदलावों का उल्लेख करते हुए कहा कि मुद्रा योजना, स्किल इंडिया और स्वदेशी उत्पादों को वैश्विक बाजार से जोड़ने जैसे प्रयासों से लोगों को नए अवसर मिले हैं।
उन्होंने कहा कि 2014 से पहले और उसके बाद के भारत में बदलाव दिखाई देता है। राजनाथ सिंह ने अपने संबोधन में रक्षा सामान के निर्यात के बढ़ने और भारत में निवेश आने का भी उल्लेख किया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की बधाई देते हुए उनके स्वस्थ और दीर्घायु होने की कामना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के प्रयासों से भारत आज दुनिया के देशों से आंख से आंख मिलाकर बात करने की स्थिति में है।
सीएम योगी ने प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन का उल्लेख करते हुए कहा कि सेवा और संकल्प की यह यात्रा देश के विकास से जुड़ी हुई है। उन्होंने आवास, शौचालय, उज्ज्वला योजना, सड़क, रेल और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े सरकारी कार्यक्रमों का भी उल्लेख किया।
उन्होंने कहा कि ‘सेवा संकल्प यात्रा’ पूरी ऊर्जा के साथ ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ के प्रयासों को आगे बढ़ाने का संकल्प करेगी और 20 दिनों की यात्रा के दौरान लोगों से संवाद भी स्थापित किया जाएगा।
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने काशी को प्राचीन नगरी के साथ ऊर्जा की नगरी बताया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गुजरात के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में कार्यकाल का उल्लेख करते हुए तकनीक और विकास पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि देश बदल रहा है और आगे बढ़ रहा है। अपने संबोधन में उन्होंने गरीबों को आवास, राशन, नल से जल और किसानों के खाते में सीधे सहायता राशि पहुंचाने जैसी योजनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने महिला आरक्षण का भी जिक्र करते हुए कहा कि विधानसभाओं और संसद में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण की व्यवस्था जल्द होगी।
चंद्रबाबू नायडू ने अपने संबोधन में “राइट टाइम, राइट लीडर, राइट वर्क इज नरेंद्र मोदी” कहा और ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ तथा विकसित भारत के लक्ष्य की बात कही।
केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा कि कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और विकसित भारत के लक्ष्य का उल्लेख करते हुए युवाओं से उनके कार्यों से सीख लेने की बात कही।
उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति और भारत की पहचान को वैश्विक स्तर पर पहचान मिली है। वहीं केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी ने प्रधानमंत्री को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में भारत का सम्मान वैश्विक स्तर पर बढ़ा है।
इससे पहले रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान और पंकज चौधरी समेत अन्य नेताओं ने श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजन-अर्चन और रुद्राभिषेक किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ एवं दीर्घायु होने की कामना की गई।
मंदिर परिसर में मंगलाचरण करने वाले बटुकों और तीर्थ पुरोहितों का सम्मान किया गया। उन्हें अंगवस्त्रम और दक्षिणा प्रदान की गई। विश्वनाथ धाम में सेवाएं देने वाले स्वच्छता प्रहरियों को भी सम्मानित किया गया।
इसके बाद रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने श्रद्धालुओं और अन्य लोगों की मौजूदगी में केक काटकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन मनाया।
रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर परिसर में सूचना विभाग की ओर से ‘सेवा संकल्प यात्रा अभियान—जनसेवा से राष्ट्र सेवा के 25 वर्ष’ विषय पर चित्र प्रदर्शनी लगाई गई। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने फीता काटकर प्रदर्शनी का उद्घाटन किया और इसका अवलोकन किया।
कार्यक्रम में श्रम एवं सेवायोजन मंत्री अनिल राजभर, स्टाम्प एवं न्यायालय शुल्क राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार रविंद्र जायसवाल, आयुष राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’, एमएसएमई राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा, सहकारिता राज्य मंत्री जेपीएस राठौर, महापौर अशोक तिवारी, विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी, डॉ. अवधेश सिंह, त्रिभुवन राम, सौरभ श्रीवास्तव, डॉ. सुनील पटेल, मंडलायुक्त एस. राजलिंगम, पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल, जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार समेत बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम का संचालन भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष रोहित मिश्रा ने किया।