प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर 11वीं वाहिनी राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), वाराणसी की ओर से पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, स्वास्थ्य जागरूकता और जनसेवा से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। इसके तहत पौधरोपण अभियान, स्वच्छता अभियान और चिकित्सा शिविर लगाए गए।
11वीं वाहिनी एनडीआरएफ के नवीन परिसर में आयोजित पौधरोपण अभियान में कमांडिंग ऑफिसर अनूप सिंह बिष्ट सहित वाहिनी के अधिकारियों और कार्मिकों ने पौधे लगाए। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण, हरित परिसर और स्वच्छ वातावरण के निर्माण का संदेश दिया गया। कार्मिकों ने वृक्षों के संरक्षण एवं संवर्धन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता भी व्यक्त की।
इसी क्रम में रश्मि नगर, लंका में नगर निगम, स्वयंसेवी संस्था एवं अन्य संस्थाओं के सहयोग से स्वच्छता अभियान चलाया गया। कार्यक्रम में वाराणसी कैंट विधायक शौरभ श्रीवास्तव सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थलों की सफाई के साथ लोगों को स्वच्छता, व्यक्तिगत जिम्मेदारी और आपदा-लचीले समुदाय के निर्माण के प्रति जागरूक किया गया।
इसके अतिरिक्त दशाश्वमेध घाट पर चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में स्थानीय नागरिकों को आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं और चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराया गया। इसका उद्देश्य समुदाय के बीच स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने तथा आवश्यकता के समय प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता के प्रति लोगों को जागरूक करना रहा।
11वीं वाहिनी एनडीआरएफ की ओर से बताया गया कि इन गतिविधियों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, स्वास्थ्य जागरूकता, जनसहभागिता और सामुदायिक सेवा को प्रोत्साहित करने का प्रयास किया गया। एनडीआरएफ आपदा के समय राहत-बचाव कार्यों के साथ नियमित रूप से जन-जागरूकता, क्षमता निर्माण और सामाजिक उत्तरदायित्व से जुड़े कार्यक्रम भी आयोजित करती है।
इस अवसर पर कमांडिंग ऑफिसर अनूप सिंह बिष्ट ने पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और जनसेवा को सामूहिक जिम्मेदारी बताते हुए अधिकारियों एवं कार्मिकों को समाज के प्रति अपने दायित्वों का निरंतर निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया।