अघोर पीठ, श्री सर्वेश्वरी समूह संस्थान देवस्थानम् एवं अवधूत भगवान राम कुष्ठ सेवा आश्रम, पड़ाव में गुरुवार को अघोराचार्य महाराजश्री बाबा कीनाराम जी की 426वीं जन्म षष्ठी (लोलार्क षष्ठी) भक्तिमय वातावरण में मनाई गई। इसी के साथ परमपूज्य अघोरेश्वर भगवान राम जी की 90वीं जयंती के दो दिवसीय कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। आयोजन श्री सर्वेश्वरी समूह के अध्यक्ष पूज्यपाद बाबा औघड़ गुरुपद संभव राम जी के सान्निध्य में हुआ।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रातःकालीन सफाई एवं श्रमदान से हुई। इसके बाद सुबह 8 बजे पूज्यपाद बाबा गुरुपद संभव राम जी ने महाराजश्री बाबा कीनाराम जी की प्रतिमा का विधिवत पूजन किया। तत्पश्चात डॉ. अशोक कुमार सिंह ने सफलयोनि का पाठ किया।
इसके बाद आश्रम के उपासना स्थल चिरकुट देवी विहार में हवन-पूजन किया गया। पूज्य बाबा ने देवी मंदिर की पांच परिक्रमा कर दो दिनों तक चलने वाले अखंड संकीर्तन “अघोरान्ना परो मन्त्रः नास्ति तत्वं गुरोः परम्” का शुभारंभ किया।
आयोजकों के अनुसार 18 सितंबर 2026 को परमपूज्य अघोरेश्वर भगवान राम जी की 90वीं जयंती मनाई जाएगी। जयंती समारोह में देश के विभिन्न प्रांतों से संस्था के सदस्य, भक्त और श्रद्धालु शामिल हो रहे हैं।
जयंती के अवसर पर श्रद्धालु परमपूज्य अघोरेश्वर महाप्रभु के दर्शन-पूजन करेंगे। इसके बाद शाम करीब 5 बजे पूज्यपाद बाबा औघड़ गुरुपद संभव राम जी का आशीर्वचन होगा। दो दिवसीय कार्यक्रम को लेकर आश्रम में भक्तिमय वातावरण बना हुआ है।