MENU

मिंट हाउस में झाड़ू लेकर उतरे भाजपा नेता, बोले- स्वच्छता को अभियान नहीं जनआंदोलन बनाना होगा



 17/Sep/26

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन की पूर्व संध्या पर स्वामी विवेकानंद प्रतिमा स्थल पर चला स्वच्छता अभियान, वी.डी. शर्मा और जे.पी.एस. राठौर ने की अगुवाई

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन की पूर्व संध्या पर बुधवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने मिंट हाउस स्थित स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा स्थल पर स्वच्छता अभियान चलाया। अभियान में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने स्वयं झाड़ू लगाकर परिसर और आसपास के क्षेत्र की सफाई की तथा लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।

अभियान का नेतृत्व स्वच्छता अभियान के राष्ट्रीय संयोजक एवं सांसद वी.डी. शर्मा तथा राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार जे.पी.एस. राठौर ने किया। दोनों नेताओं ने स्वयं झाड़ू लगाकर स्वच्छता को जनभागीदारी से जोड़ने पर जोर दिया।

काशी से शुरू हुआ अभियान जनआंदोलन बना: वी.डी. शर्मा

सांसद एवं अभियान के राष्ट्रीय संयोजक वी.डी. शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने काशी से स्वच्छता अभियान की शुरुआत की थी, जो अब जनआंदोलन का रूप ले चुका है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल आसपास के वातावरण को साफ रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह स्वस्थ और खुशहाल समाज की बुनियाद है। उन्होंने लोगों से स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।

स्वच्छ भारत मिशन को बताया प्रमुख अभियान

राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार जे.पी.एस. राठौर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महात्मा गांधी के स्वच्छ भारत के सपने को साकार करने की दिशा में व्यापक अभियान चलाया। उन्होंने कहा कि 2 अक्टूबर 2014 को स्वच्छ भारत मिशन की शुरुआत देश को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम था।

उन्होंने कहा कि स्वच्छता अभियान का प्रभाव शहरों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में भी स्वच्छता को लेकर जागरूकता बढ़ी है। जनभागीदारी के माध्यम से स्वच्छता को सामाजिक अभियान का स्वरूप देने का प्रयास किया गया है।

स्वच्छता को हर नागरिक की जिम्मेदारी बनाने पर जोर

भाजपा प्रदेश महामंत्री दिलीप पटेल ने कहा कि स्वच्छता अभियान के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता कार्यक्रमों को बढ़ावा दिया गया और शौचालय निर्माण पर जोर दिया गया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता को विकास की प्रक्रिया से जोड़कर देश के बुनियादी ढांचे में बदलाव के प्रयास किए गए।

भाजपा काशी क्षेत्र के अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने कहा कि स्वच्छता अभियान का उद्देश्य केवल सफाई करना नहीं, बल्कि स्वच्छता को प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी बनाना भी है। उन्होंने लोगों से घर, मोहल्ले और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने में सक्रिय भागीदारी की अपील की।

बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रहे मौजूद

अभियान के दौरान नेताओं और कार्यकर्ताओं ने स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा स्थल एवं आसपास के क्षेत्र की सफाई की। कार्यक्रम में भाजपा काशी क्षेत्र के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष नवरतन राठी, राकेश सिंह अलगु, आर.पी. कुशवाहा, अनुप जायसवाल, संतोष सोलापुरकर, संजीव चौरसिया, शैलेंद्र मिश्रा, नम्रता चौरसिया और संदीप केशरी सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। अभियान के दौरान कार्यकर्ताओं ने स्वच्छता को जनभागीदारी से जोड़ने और सार्वजनिक स्थलों को साफ-सुथरा रखने का संकल्प लिया।


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

5971


सबरंग