MENU

श्री काशी सर्राफा मंडल के चुनाव की तैयारी तेज, 283 सदस्यीय सूची के आधार पर प्रक्रिया आगे बढ़ेगी



 16/Sep/26

वाराणसी। श्री काशी सर्राफा मंडल, वाराणसी के नवीनीकरण और नए पदाधिकारियों के चुनाव की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने की तैयारी शुरू हो गई है। संस्था की ओर से जारी सूचना के अनुसार, लगभग दो वर्षों से संस्था के नवीनीकरण को लेकर प्रयास किए जा रहे थे। इसी दौरान नवीनीकरण की प्रक्रिया को लेकर संस्था के कुछ पुराने सदस्यों की ओर से आपत्तियां और कानूनी प्रक्रिया सामने आने की बात कही गई है।

संस्था की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, इसी क्रम में श्री मुरलीधर सेठ बनाम श्री दयाशंकर व अन्य के नाम से कार्यालय सहायक निबंधक, वाराणसी के समक्ष वाद दायर किया गया था। इसका वाद संख्या VNS/D10001249 बताई गई है।

मामले में दोनों पक्षों की बात सुनने के बाद कार्यालय सहायक निबंधक की ओर से आदेश पारित किया गया। संस्था के अनुसार, आदेश में वर्ष 2005-06 में कार्यालय में पंजीकृत अंतिम सदस्य सूची को समाचार पत्र में प्रकाशित करने का निर्देश दिया गया था। इस सूची में कुल 283 सदस्य शामिल हैं।

15 दिन में मांगी गई थी आपत्ति

संस्था की ओर से बताया गया कि प्रकाशित सदस्य सूची को लेकर यदि किसी सदस्य को कोई आपत्ति हो तो उसे निर्धारित अवधि में कार्यालय सहायक निबंधक के समक्ष प्रस्तुत करने का अवसर दिया गया था। इसके लिए 15 दिनों की अवधि निर्धारित की गई थी।

संस्था का कहना है कि निर्धारित अवधि के दौरान कार्यालय को किसी प्रकार की आपत्ति प्राप्त नहीं हुई। इसके बाद नए पदाधिकारियों के चुनाव के लिए इन्हीं 283 सदस्यों के बीच चुनाव कराने का निर्देश दिए जाने की जानकारी संस्था की ओर से दी गई है।

283 फर्मों की सूची सदस्यों को भेजी गई

श्री काशी सर्राफा मंडल की ओर से वर्ष 2005-06 की 283 सदस्यीय सूची में शामिल सदस्य फर्मों के नामों का विवरण PDF के माध्यम से सदस्यों को उपलब्ध कराया जा रहा है।

संस्था ने सभी सदस्यों से अनुरोध किया है कि सूची में अपनी फर्म के नाम के सामने प्रोपराइटर, पार्टनर अथवा अधिकृत व्यक्ति का नाम और मोबाइल नंबर उपलब्ध जानकारी के अनुसार अंकित करें। संस्था के अनुसार इससे चुनावी प्रक्रिया को सुचारु रूप से आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।

2015-17 की चुनावी सूची से 192 फर्मों का मिलान

चुनावी प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए वर्ष 2015-17 में श्री काशी सर्राफा मंडल में हुए चुनाव की सूची से भी विवरण का मिलान किया गया है।

संस्था की ओर से बताया गया कि वर्ष 2005-06 की 283 फर्मों में से लगभग 192 फर्मों के नाम और विवरण वर्ष 2015-17 की चुनावी सूची के आधार पर तैयार किए गए हैं। इसका विवरण भी PDF के माध्यम से सदस्यों को भेजा जा रहा है।

संस्था ने सदस्यों से अपील की है कि वे इस सूची का अवलोकन करें। यदि किसी फर्म के नाम, व्यक्ति के विवरण या अन्य जानकारी में कोई त्रुटि अथवा संशोधन आवश्यक हो तो इसकी सूचना जल्द उपलब्ध कराई जाए, ताकि आवश्यक सुधार समय से किया जा सके।

WhatsApp ग्रुप के माध्यम से भी दे सकते हैं जानकारी

श्री काशी सर्राफा मंडल की सूचना के अनुसार, सूची में आवश्यक संशोधन या किसी अन्य जानकारी के संबंध में सदस्य संस्था के WhatsApp ग्रुप के माध्यम से अथवा संबंधित सदस्यों से संपर्क कर जानकारी उपलब्ध करा सकते हैं।

संस्था का कहना है कि सूची का विवरण समय से दुरुस्त होने के बाद चुनावी प्रक्रिया को आगे बढ़ाने में सुविधा होगी और नए पदाधिकारियों के चयन की प्रक्रिया पूरी की जा सकेगी।

इन सदस्यों से किया जा सकता है संपर्क

सूची एवं चुनावी प्रक्रिया से संबंधित जानकारी के लिए संस्था की ओर से निम्न सदस्यों से संपर्क करने की अपील की गई है—

श्री मुरलीधर सेठ
श्री राजीव अग्रवाल
श्री शशि कुमार वर्मा
श्री सुनील कुमार वर्मा

श्री काशी सर्राफा मंडल की ओर से सभी व्यापारियों और सदस्यों से सहयोग की अपील की गई है, ताकि संस्था की चुनावी प्रक्रिया को सुचारु एवं शीघ्र रूप से आगे बढ़ाया जा सके।

— क्लाउन टाइम्स, वाराणसी


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

5019


सबरंग