वाराणसी, 16 सितंबर 2026। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर रूद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर वाराणसी कमिश्नरेट पुलिस ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को पुलिस आयुक्त वाराणसी मोहित अग्रवाल ने कार्यक्रम स्थल का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा, यातायात, पार्किंग और भीड़ प्रबंधन समेत विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
प्रस्तावित कार्यक्रम में भारत सरकार के रक्षामंत्री, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए पुलिस आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों से सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पुलिस आयुक्त ने कार्यक्रम स्थल से गुजरात के वडनगर तक विभिन्न रूटों से रवाना होने वाली बाइक रैली सेवा संकल्प यात्रा के निर्धारित मार्गों और सुरक्षा प्रबंधों का भी जायजा लिया। उन्होंने यात्रा के सुचारु संचालन के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।
सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष जोर
कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल, पीएसी तथा सादे वस्त्रों में पुलिसकर्मियों की तैनाती के निर्देश दिए गए हैं। संवेदनशील और महत्वपूर्ण स्थानों को चिन्हित कर प्रभावी निगरानी रखने को कहा गया है।
कार्यक्रम स्थल पर एंटी-सबोटाज चेकिंग, डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ते से महत्वपूर्ण स्थानों की सघन जांच कराने के निर्देश भी दिए गए। प्रवेश और निकास द्वारों पर पर्याप्त पुलिस एवं महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती के साथ प्रभावी चेकिंग और फ्रिस्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।
भीड़ प्रबंधन के लिए सुव्यवस्थित बैरिकेडिंग तथा आमजन और वीआईपी के लिए अलग-अलग प्रवेश एवं निकास मार्ग निर्धारित करने के निर्देश दिए गए हैं।
यातायात और पार्किंग की भी रहेगी विशेष व्यवस्था
कार्यक्रम के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए वैकल्पिक मार्गों और डायवर्जन प्वाइंट को चिन्हित कर प्रभावी डायवर्जन प्लान तैयार करने को कहा गया है। पार्किंग स्थलों का स्पष्ट चिन्हांकन करने और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को डायवर्जन, पार्किंग तथा वैकल्पिक मार्गों की समुचित जानकारी देने पर भी जोर दिया गया।
कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्रों में ड्रोन एवं सीसीटीवी कैमरों से लगातार निगरानी रखने तथा किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए त्वरित प्रतिक्रिया व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
इसके साथ ही वायरलेस एवं अन्य संचार प्रणालियों को सक्रिय रखते हुए संबंधित अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय और त्वरित सूचना आदान-प्रदान सुनिश्चित करने को कहा गया।
पुलिस अधिकारियों की हुई ब्रीफिंग
स्थलीय निरीक्षण के बाद पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने पुलिस अधिकारियों की ब्रीफिंग कर प्रस्तावित कार्यक्रम के दौरान उनकी जिम्मेदारियों और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस दौरान अपर पुलिस आयुक्त मुख्यालय एवं कानून-व्यवस्था शिवहरी मीणा, पुलिस उपायुक्त काशी जोन गौरव बंशवाल, पुलिस उपायुक्त यातायात अनिल कुमार यादव, पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन प्रमोद कुमार समेत कमिश्नरेट वाराणसी एवं बाह्य जनपदों से आए राजपत्रित अधिकारी, प्रभारी निरीक्षक, थानाध्यक्ष एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।