प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री तथा वाराणसी के प्रभारी मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने बुधवार को वार्ड संख्या-16 सरसौली के अंतर्गत मीरापुर बसही मलिन बस्ती का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान क्षेत्र में जगह-जगह कूड़े के ढेर, खराब सीवर, जलनिकासी की समस्या और क्षतिग्रस्त गलियां मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई और नगर निगम के अधिकारियों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य मेडिकल एजेंसी के सामने सीवर खराब मिला। सीवर का गंदा पानी पास के खाली भूखंड में जा रहा था, जहां कूड़ा भी जमा था। क्षेत्र की कुछ गलियां भी क्षतिग्रस्त मिलीं। प्रभारी मंत्री ने खराब सीवर एवं जलनिकासी व्यवस्था तत्काल दुरुस्त कराने, खाली भूखंड से कूड़ा हटवाने और क्षतिग्रस्त गलियों की मरम्मत कराने के निर्देश दिए।
मीरापुर बसही मलिन बस्ती जाते समय प्रभारी मंत्री ने मार्ग में भी सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। टकटकपुर मुख्य मार्ग पर सुनील जलपान की दुकान के सामने बड़ी मात्रा में कूड़ा पड़ा मिला। इसके अलावा अनौला में अमर पुष्प कुंज के सामने, अनौला-मीरापुर बसही मुख्य मार्ग तथा मीरापुर बसही रोड स्थित श्यामपुर कॉलोनी के ब्लॉक-बी के सामने भी कूड़ा जमा मिला।
विभिन्न स्थानों पर गंदगी मिलने पर सुरेश कुमार खन्ना ने संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाई। उन्होंने सफाई व्यवस्था में लापरवाही के लिए जिम्मेदार कर्मचारी का दो दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए। साथ ही सभी चिह्नित स्थानों से तत्काल कूड़ा हटाकर समुचित सफाई कराने को कहा।
प्रभारी मंत्री ने नगर निगम अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे नियमित रूप से क्षेत्रों का भ्रमण कर सफाई व्यवस्था की प्रभावी निगरानी करें। उन्होंने कहा कि मलिन बस्तियों, मुख्य मार्गों, गलियों और खाली भूखंडों पर कूड़ा जमा नहीं होना चाहिए। सफाई, सीवर और जलनिकासी से संबंधित समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाए।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि शहर को स्वच्छ और सुव्यवस्थित रखना नगर निगम की जिम्मेदारी है। जनस्वास्थ्य से जुड़े कार्यों में शिथिलता या लापरवाही किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी। निरीक्षण में सामने आई कमियों को शीघ्र दूर कराने के साथ भविष्य में ऐसी स्थिति की पुनरावृत्ति रोकने के लिए जिम्मेदारी निर्धारित कर नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।