MENU

जल निकासी में लापरवाही पर जल निगम के अधिशासी अभियंता निलंबित



 16/Sep/26

मंत्री ए.के. शर्मा की सख्ती के बाद कार्रवाई, बोले- जलभराव की समस्या में लापरवाही बर्दाश्त नहीं

वाराणसी में जल निकासी व्यवस्था में लापरवाही के मामले में उत्तर प्रदेश जल निगम (नगरीय) के अधिशासी अभियंता पवन कुमार गुप्ता को निलंबित किए जाने के बाद नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने प्रदेश के सभी नगरीय क्षेत्रों में जलभराव को लेकर अधिकारियों को अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए हैं।

मंत्री ने कहा कि बारिश के दौरान जल निकासी व्यवस्था में किसी भी स्तर पर शिथिलता आमजन के लिए परेशानी का कारण बन सकती है। अधिकारियों को संभावित जलभराव वाले क्षेत्रों की पहले से पहचान कर आवश्यक तैयारियां पूरी रखनी चाहिए।

संवेदनशील क्षेत्रों में पहले से करें तैयारियां

ए.के. शर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वाराणसी सहित प्रदेश के सभी नगरीय निकायों में जल निकासी व्यवस्था की नियमित मॉनिटरिंग की जाए। संवेदनशील क्षेत्रों को चिन्हित कर वहां नालों, सीवर लाइनों और पंपिंग स्टेशनों की स्थिति की पहले से समीक्षा करने के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने कहा कि जहां भी जल निकासी व्यवस्था में कमी दिखाई दे, वहां तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई की जाए। संभावित जलभराव की स्थिति उत्पन्न होने का इंतजार करने के बजाय अधिकारी पहले से आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें।

लापरवाही पर तय होगी जिम्मेदारी

नगर विकास मंत्री ने स्पष्ट किया कि जनहित से जुड़े कार्यों में लापरवाही के लिए कोई स्थान नहीं है। शासन की ओर से अधिकारियों को आवश्यक संसाधन और दिशा-निर्देश उपलब्ध कराए जा रहे हैं। ऐसे में कार्यों के क्रियान्वयन में लापरवाही या उच्चाधिकारियों के निर्देशों की अनदेखी स्वीकार नहीं की जाएगी।

उन्होंने कहा कि यदि कहीं लापरवाही सामने आती है तो संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय कर कठोर कार्रवाई की जाएगी। वाराणसी में अधिशासी अभियंता के निलंबन की कार्रवाई को इसी जवाबदेही के तहत देखा जा रहा है।

जलभराव के स्थायी समाधान पर जोर

मंत्री ए.के. शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार नगरीय क्षेत्रों में नागरिकों को बेहतर, सुगम और सुरक्षित सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। वाराणसी जैसे धार्मिक और सांस्कृतिक शहर में जल निकासी, सीवर व्यवस्था और स्वच्छता को बेहतर बनाना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।

उन्होंने कहा कि नगरीय क्षेत्रों में जलभराव की समस्या के तत्काल समाधान के साथ-साथ उसके स्थायी निराकरण के लिए प्रभावी कार्ययोजना पर भी काम किया जा रहा है। सरकार की प्राथमिकता आमजन को राहत पहुंचाना है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

5869


सबरंग