‘सेवा संकल्प बाइक यात्रा’ के शुभारंभ से पहले 17 सितंबर को 51 सेवा यात्री बाबा दरबार के सामने स्थित ललिता घाट से गंगाजल भरकर बाबा काशी विश्वनाथ का जलाभिषेक करेंगे। डमरू दल की गूंज और शंखनाद के बीच सेवा यात्री बाबा विश्वनाथ मंदिर पहुंचेंगे। यहां गंगाजल अर्पित करने के बाद बटुकों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच अनुष्ठान किया जाएगा। इसके बाद सेवा यात्री काशी से गंगाजल लेकर वडनगर के लिए रवाना होंगे।
भाजपा काशी क्षेत्र अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने रोहनिया स्थित भाजपा क्षेत्रीय कार्यालय में यात्रा की तैयारियों में जुटे पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 17 सितंबर को पूर्वाह्न 10 बजे 51 सेवा यात्री ललिता घाट पहुंचेंगे। गंगाजल भरने के बाद डमरुओं की गूंज और शंखनाद के बीच बाबा विश्वनाथ मंदिर पहुंचकर जलाभिषेक करेंगे। मंदिर में बटुकों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार किया जाएगा। इस अनुष्ठान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ जीवन और दीर्घायु की कामना की जाएगी।
अशोक चौरसिया ने बताया कि 17 सितंबर को दोपहर 12 बजे रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन पर आधारित प्रदर्शनी का अतिथिगण अवलोकन करेंगे। इसके बाद जनसभा आयोजित होगी।
जनसभा के बाद रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर से ‘सेवा संकल्प बाइक यात्रा’ को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। कार्यक्रम में आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और कार्यक्रम संयोजक एवं सांसद वी.डी. शर्मा समेत अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहेंगे।
यात्रा रवाना होने से पहले रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर के बाहर गुब्बारे छोड़े जाएंगे। इसके बाद अतिथिगण हरी झंडी दिखाकर सेवा यात्रियों को वडनगर के लिए रवाना करेंगे।
रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर से रवाना होने के बाद वाराणसी की सीमा तक करीब दस स्थानों पर काशीवासियों और भाजपा कार्यकर्ताओं की ओर से सेवा यात्रियों का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया जाएगा। इन स्थानों पर यात्रा के स्वागत की तैयारियां की जा रही हैं।
क्षेत्र अध्यक्ष ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने और जन्मदिन के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक एक माह का ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। काशी से वडनगर तक निकलने वाली बाइक यात्रा इसी अभियान का प्रमुख हिस्सा है।
उन्होंने कहा कि काशी की गंगा से गंगाजल लेकर बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक, डमरुओं की गूंज और शंखनाद के बीच यात्रा का शुभारंभ धार्मिक आस्था के साथ सेवा और संकल्प के संदेश को जोड़ने का प्रयास है।
बैठक में काशी क्षेत्र उपाध्यक्ष नवरतन राठी, राकेश शर्मा, विपिन सिंह, अनिल श्रीवास्तव, अनूप जायसवाल, अमित राय, प्रवीण सिंह गौतम, जगदीश त्रिपाठी, देवेंद्र मौर्या, सतीश पांडेय, अनिल गुप्ता, संतोष सोलापुरकर, राहुल सिंह, आत्मविशेश्वर, संजय सोनकर, चंद्रशेखर उपाध्याय, आशुतोष पॉल, शैलेन्द्र मिश्रा, रजत जायसवाल, अमन सोनकर और संदीप सिंह मिंटू सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।