MENU

बलिया में तीसरी जूनियर नेशनल रिंग टेनिस प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ, यूपी ने बिहार को 9-0 से हराया



 10/Sep/26

9 से 11 सितंबर तक चलेगी राष्ट्रीय प्रतियोगिता, देशभर की टीमें ले रहीं हिस्सा

 बलिया में बुधवार को तीसरी जूनियर नेशनल रिंग टेनिस प्रतियोगिता 2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों की टीमें हिस्सा ले रही हैं। प्रतियोगिता 9 सितंबर से 11 सितंबर 2026 तक आयोजित की जा रही है।

प्रतियोगिता का आयोजन रिंग टेनिस एसोसिएशन ऑफ उत्तर प्रदेश और सनबीम स्कूल, बलिया के संयुक्त तत्वावधान में रिंग टेनिस फेडरेशन ऑफ इंडिया के मार्गदर्शन में किया जा रहा है।

रंगारंग कार्यक्रमों के साथ हुआ उद्घाटन

उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि डॉ. भगवान राय, सेवानिवृत्त क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी रहे। विशिष्ट अतिथियों में केआरवी श्याम सुंदर, महासचिव, रिंग टेनिस फेडरेशन ऑफ इंडिया, श्रीमती रति प्रिया, संयुक्त सचिव, रिंग टेनिस फेडरेशन ऑफ इंडिया तथा अरुण सिंह, डायरेक्टर, सनबीम स्कूल बलिया उपस्थित रहे। रंगारंग कार्यक्रमों के बीच प्रतियोगिता का औपचारिक शुभारंभ किया गया।

पहले दिन कई राज्यों के बीच मुकाबले

उद्घाटन के बाद राष्ट्रीय स्तर के रोमांचक मुकाबले शुरू हुए। पहले मुकाबले में तेलंगाना और उत्तराखंड, दूसरे मुकाबले में ओडिशा और दिल्ली, जबकि तीसरे मुकाबले में उत्तर प्रदेश और बिहार की टीमें आमने-सामने रहीं।

यूपी ने बिहार को 9-0 से दी शिकस्त

प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश की टीम ने शानदार शुरुआत करते हुए बिहार को 9-0 से पराजित किया। टीम के कोच गुरविंदर सिंह और टीम मैनेजर दिनेश कुमार के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया और सभी नौ मुकाबलों में जीत दर्ज की।

टीम प्रतियोगिता में खेले जाते हैं 9 मैच

रिंग टेनिस की टीम प्रतियोगिता में दो टीमों के बीच कुल 9 मैच खेले जाते हैं। इनमें 2 बॉयज सिंगल्स, 2 गर्ल्स सिंगल्स, 2 बॉयज डबल्स, 2 गर्ल्स डबल्स और 1 मिक्स्ड डबल्स शामिल हैं।

प्रत्येक मैच 20 मिनट का होता है, जिसमें 10-10 मिनट के दो हाफ खेले जाते हैं। टीम मुकाबले में अधिक मैच जीतने वाली टीम को विजेता घोषित किया जाता है और वह प्रतियोगिता के अगले राउंड के लिए क्वालीफाई करती है।

यूपी टीम से आगे भी बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद

रिंग टेनिस एसोसिएशन ऑफ उत्तर प्रदेश की महासचिव मनीषा रानी ने उत्तर प्रदेश की टीम के प्रदर्शन पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि टीम से प्रतियोगिता के आगामी मुकाबलों में भी शानदार प्रदर्शन की उम्मीद है।

उन्होंने सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राष्ट्रीय स्तर की यह प्रतियोगिता देशभर के युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का बेहतर मंच प्रदान कर रही है।


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

8562


सबरंग